कुसल मेंडिस बने श्रीलंका क्रिकेट टीम के नए टेस्ट कप्तान
क्या है खबर?
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने कुसल मेंडिस को टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति का फैसला आज SLC के मुख्यालय में हुई चयन समिति की बैठक में लिया गया। वह धनंजय डी सिल्वा की जगह इस जिम्मेदारी में नजर आएंगे। मेंडिस इससे पहले श्रीलंका की वनडे और टी-20 टीम की कमान संभाल चुके हैं, लेकिन टेस्ट में पहली बार कप्तानी करेंगे। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
कप्तानी
तीनों प्रारूप में श्रीलंका की कप्तानी करेंगे मेंडिस
मेंडिस के टेस्ट कप्तानी का कार्यकाल पाकिस्तान दौरे पर होने वाली सीरीज से होगा।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के अंतर्गत खेली जाने वाली सीरीज की शुरुआत 9 नवंबर से हो जाएगी। इसके बाद 17 नवंबर को दूसरा और आखिरी टेस्ट खेला जाना है।
अब मेंडिस तीनों प्रारूप में श्रीलंका की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। बता दें कि श्रीलंका को 9 अक्टूबर से पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज खेलनी है, इसमें भी मेंडिस नेतृत्व करते हुए दिखेंगे।
आंकड़े
श्रीलंका से 75 टेस्ट खेल चुके हैं मेंडिस
मेंडिस ने श्रीलंका की ओर से 75 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 139 पारियों में 36.36 की औसत के साथ 4,836 रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 10 शतक और 23 अर्धशतक लगाए हैं।
इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने अब तक 159 वनडे मैचों में 36.33 की औसत और 88.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,160 रन बनाए हैं।
उन्होंने 109 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 26.15 की औसत से 2,694 रन बनाए थे।
कप्तानी
मेंडिस ने 22 वनडे और 3 टी-20 में की है कप्तानी
क्रिकइंफो के मुताबिक, मेंडिस ने अब तक 22 वनडे मैचों में श्रीलंका की कप्तानी की है, जिसमें से 10 मैच उनकी टीम जीती है और इतने में ही टीम को हार मिली है। इस बीच 2 मैच बेनतीजा रहे है।
मेंडिस ने अब तक 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में टीम का नेतृत्व किया है, जिसमें से एक मैच श्रीलंका जीती है और 2 में हार का सामना किया है।
कप्तानी
धनंजय ने तत्काल प्रभाव से छोड़ी थी कप्तानी
धनंजय ने श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) की चयन समिति को भेजे पत्र में कहा कि उनका मानना है कि अब नेतृत्व की जिम्मेदारी अगली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है।
2024 में दिमुथ करुणारत्ने के संन्यास के बाद उन्हें टेस्ट कप्तान बनाया गया था।
उनकी कप्तानी में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को घरेलू टेस्ट सीरीज में, जबकि बांग्लादेश को घरेलू और विदेशी दोनों सीरीज में मात दी। इसके अलावा न्यूजीलैंड के खिलाफ भी घरेलू टेस्ट सीरीज अपने नाम की।