कुलदीप यादव ने की इस पूर्व कप्तान की जमकर तारीफ, दिया बड़ा अहम बयान
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पूर्व कप्तान विराट कोहली की कप्तानी की जमकर सराहना की है। महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज कप्तानों के नेतृत्व में खेलने के बावजूद कुलदीप ने बताया कि कोहली एक ऐसे कप्तान थे जिनके लिए मैदान पर हर खिलाड़ी सब कुछ दांव पर लगाने के लिए तैयार रहता था। वह सभी खिलाड़ियों को बराबर सम्मान देते थे। आइए जानते हैं कुलदीप ने क्या कुछ कहा है।
आक्रामकता
कोहली की कप्तानी में थी सकारात्मक आक्रामकता- कुलदीप
क्रिकइंफो से बातचीत के दौरान कुलदीप ने कोहली की नेतृत्व शैली के बारे में खुलकर बात की।
उन्होंने कहा, "मैंने अपना अधिकांश क्रिकेट कोहली और फिर रोहित की कप्तानी में खेला है। कोहली के नेतृत्व में बहुत अधिक तीव्रता थी। उनमें सकारात्मकता और आक्रामक तीव्रता थी। आप जानते थे कि जब वे कप्तान थे, तो हर खिलाड़ी उनके लिए अपनी जान की बाजी लगाने को तैयार रहता था। ऐसा सम्मान हर किसी को नहीं मिलता है।"
आजादी
गेंदबाजों को मिली थी 'बिंदास' खेलने की आजादी
कुलदीप ने खुलासा किया कि कोहली ने टीम में उनकी और युजवेंद्र चहल की भूमिका को बेहद स्पष्ट रखा था।
कुलदीप ने बताया, "कोहली ने मेरी भूमिका बहुत स्पष्ट कर दी थी। चहल और मेरी एक जैसी भूमिकाएं थीं। जब कोहली कप्तान थे तो मंत्र बिल्कुल साफ था कि खुद का आनंद लें और बिंदास होकर खेलें। रन देने का कोई दबाव नहीं था, उनका कहना था कि बल्लेबाज उसे संभाल लेंगे, आपका काम हमें विकेट दिलाना है।"
प्रभाव
क्रिकेट से अलग जीवन पर भी पड़ा गहरा प्रभाव
कुलदीप ने कहा, "मैंने कोहली से बहुत कुछ सीखा है। न केवल क्रिकेट के बारे में, बल्कि जीवन के बारे में भी। हमने केवल एक क्रिकेटर या एथलीट के रूप में नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन बनाने के बारे में बात की है। कई बार ऐसी परिस्थितियां आती हैं जब आप फंसा हुआ महसूस करते हैं और हमने उनसे निपटने व आगे बढ़ने के तरीकों पर चर्चा की है। कोहली से बात कर मुझे हमेशा अच्छा लगता है।"
दौर
कोहली की कप्तानी का सुनहरा दौर
बता दें कि कोहली ने 2014 के अंत से 2022 की शुरुआत तक टेस्ट टीम की कमान संभाली।
वहीं, 2017 से 2021 तक वे सीमित ओवर टीम के कप्तान रहे। हालांकि, इस दौरान भारत कोई ICC ट्रॉफी नहीं जीत सका, लेकिन टीम ने ऑस्ट्रेलिया में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीती और घरेलू मैदान पर अजेय रही।
इस दौर में कुलदीप भारत के पहली पसंद के स्पिनर थे और विश्व कप 2019 में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी।