
IPL 2025: KKR ने RR को हराकर जिंदा रखी प्लेऑफ की उम्मीदें, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के 53वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 1 रन से हराते हुए अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी है। इस संस्करण उनकी 5वीं जीत है।
मैच में KKR ने पहले खेलते हुए 206/4 का स्कोर बनाया था। जवाब में RR की टीम 205/8 रन का स्कोर ही बना पाई।
RR इस संस्करण 9वां मुकाबला हारी है। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
लेख-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
KKR ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 13 रन पर टीम को पहला झटका लगा।
हालांकि, इसके बाद आंद्रे रसेल (57), अंगकृष रघुवंशी (44) और अजिंक्य रहाणे (30) की शानदार पारियों के दम पर टीम ने अच्छा स्कोर बनाया।
जवाब में RR की टीम को शुरुआती झटके लगे। टीम के 5 बल्लेबाज 51 रन पर पवेलियन में थे। रियान पराग ने 95 रनों की शानदार पारी खेली। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
रोमांच
आखिरी ओवर का रोमांच
RR को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रन चाहिए थे। शुभम दुबे ने वैभव अरोड़ा के ओवर में पहले 5 गेंदों पर ताबड़तोड़ 19 रन बना दिए, जिससे मैच रोमांचक हो गया।
अंतिम गेंद पर RR को जीत के लिए 3 रन चाहिए थे, लेकिन वैभव ने सटीक यॉर्कर डाली। लॉन्ग ऑफ पर रिंकू ने तेज थ्रो किया और जोफ्रा आर्चर रन आउट हो गए।
इसी के साथ KKR ने 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।
अर्धशतक
आंद्रे रसेल ने इस संस्करण का पहला अर्धशतक लगाया
रसेल नंबर-5 पर बल्लेबाजी करने आए थे। उन्होंने 25 गेंदों का सामना किया और 57* रन बनाए। उनके बल्ले से 4 चौके और 6 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 228 की रही।
यह उनके IPL करियर का 12वां और इस संस्करण का पहला अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने केवल 22 गेंदों में पूरा किया।
उन्होंने अंगकृष रघुवंशी के साथ 33 गेंदों में 61 रन की साझेदारी निभाई। रिंकू सिंह के साथ इस स्टार ऑलराउंडर ने 11 गेंदों में 34* रन जोड़े।
रन
रसेल KKR के लिए 2,500 रन बनाने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज
रसेल ने KKR के लिए खेलते हुए 2,500 रन का आंकड़ा पार किया। उन्होंने ये उपलब्धि 131वें मैच (109वीं पारी) में हासिल की।
उनके नाम कुल 2,555 रन दर्ज हैं। उनकी औसत 29.03 और स्ट्राइक रेट 175 की रही है। उन्होंने अब तक 179 चौके और 217 छक्के भी जड़े हैं, जो उनकी विस्फोटक बल्लेबाज़ी का प्रमाण है।
रसेल KKR की ओर से 2,500 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। गौतम गंभीर के नाम 3,035 रन है।
धमाकेदार
पराग की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, लगातार 6 छक्के भी जड़े
RR ने जब 8 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट गंवाया, तब पराग क्रीज पर आए। उन्होंने लगातार गिर रहे विकेटों के बीच एक छोर से रन बनाना जारी रखा।
उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी का 13वां ओवर करने आए मोईन अली की जमकर खबर ली और उनके ओवर 5 बड़े छक्के लगाए। अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने वरुण चक्रवर्ती को छक्का जड़ा।
उन्होंने लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाए।
शतक
पराग ने जड़ा इस संस्करण का पहला अर्धशतक
पराग ने मैच में 45 गेंदों का सामना किया और 95 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 211.11 की रही।
यह उनके IPL करियर का 7वां और इस संस्करण का पहला अर्धशतक रहा।
वह सिर्फ 5 रन से अपने IPL करियर का पहला शतक नहीं बना पाए। पराग ने अब तक 82 IPL मुकाबले खेले हैं और इसकी 70 पारियों में 142.46 की स्ट्राइक रेट से 1,550 रन बनाए हैं।
इतिहास
पराग ने रचा इतिहास
पराग अब IPL इतिहास में लगातार 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़ने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने इस मामले में पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल (बनाम राहुल शर्मा, 2012), गुजरात टाइटंस (GT) के राहुल तेवतिया (बनाम शेल्डन कॉटरेल, 2020), चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के रविंद्र जडेजा (बनाम हर्षल पटेल, 2021) और KKR के रिंकू (बनाम यश दयाल, 2023) को पीछे छोड़ दिया है।
इन सभी बल्लेबाजों ने IPL में लगातार 5-5 छक्के जड़े हैं।
जानकारी
अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति
KKR के अब 11 अंक हैं। उनकी नेट रन रेट +0.249 की है। वह अभी छठे स्थान पर हैं। RR को मिली हार के बाद सिर्फ 6 अंक के साथ वे 8वें स्थान पर हैं। पहले स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 16 है।