LOADING...
RCB के नए चेयरमैन आर्यमन बिड़ला कौन हैं, जो IPL में RR का रहे थे हिस्सा?
IPL 2018 में RR के दल में शामिल रहे थे आर्यमन बिड़ला (तस्वीर: एक्स/@ImTanujSingh)

RCB के नए चेयरमैन आर्यमन बिड़ला कौन हैं, जो IPL में RR का रहे थे हिस्सा?

Mar 25, 2026
09:47 am

क्या है खबर?

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की पूरी हिस्सेदारी आदित्य बिड़ला ग्रुप (ABG), द टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप (ToI), बोल्ट वेंचर्स (Bolt), और ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी (BXPE, Blackstone) ने खरीदी है। इस डील में IPL और WPL दोनों की पुरुष और महिला टीमें शामिल हैं। इस सौदे के साथ ही बिड़ला ग्रुप के आर्यमन विक्रम बिड़ला RCB के नए चेयरमैन बन गए। आइए आर्यमन के बारे में जानते हैं।

परिचय 

कौन हैं आर्यमन बिड़ला?

आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला के बेटे आर्यमन एक पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी रहे हैं। 9 जुलाई, 1997 को मुंबई में जन्में आर्यमन ने घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। वह रजत पाटीदार और वेंकटेश अय्यर जैसे खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने 9 प्रथम श्रेणी मैचों में 27.60 की औसत से 414 रन बनाए थे। इसके अलावा 4 लिस्ट-A मैचों में उन्होंने 36 रन बनाए थे।

IPL 

आर्यमन को RR ने 30 लाख रुपये में खरीदा था 

आर्यमन IPL 2018 की नीलामी में शामिल हुए और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने उन्हें 30 लाख रुपये में खरीदा था। लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला और 2020 सीजन से पहले उन्हें रिलीज कर दिया गया था। इन सबके बीच उन्होंने दिसंबर 2019 में क्रिकेट से अनिश्चितकालीन ब्रेक लिया था। बता दें कि आर्यमन ने अपना आखिरी पेशेवर मैच जनवरी 2019 में रणजी ट्रॉफी में खेला था।

Advertisement

पुराना पोस्ट 

क्रिकेट से ब्रेक लेते हुए आर्यमन ने किया था ये पोस्ट

आर्यमन ने क्रिकेट से ब्रेक लेते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा था, 'मुझे फंसा हुआ महसूस हुआ है। अब तक मैंने तमाम मुश्किलों के बावजूद खुद को आगे बढ़ाया है, लेकिन अब मुझे लगता है कि मुझे अपनी मानसिक सेहत और भलाई को सबसे ऊपर रखना चाहिए। हम सभी का अपना-अपना सफर होता है, और मैं इस समय का इस्तेमाल खुद को बेहतर ढंग से समझने और कोई मकसद तलाशने के लिए करना चाहता हूं।'

Advertisement

डील 

लगभग 16,706 करोड़ रुपये में बिकी RCB

क्रिकबज के मुताबिक, बिड़ला ग्रुप समेत कुल 4 कंपनियों ने 1.78 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 16,706 करोड़ रुपये) में RCB टीम की पूरी हिस्सेदारी खरीदी है। हालांकि, अभी BCCI से आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समूह ने यूके-डियाजियो पीएलसी की सहायक कंपनी, यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) के साथ RCB की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के लिए एक पक्का समझौता किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी RCB के वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे।

Advertisement