रणजी ट्रॉफी 2025-26: केएल राहुल ने जड़ा 24वां फर्स्ट-क्लास शतक, जानिए अहम आंकड़े
क्या है खबर?
कर्नाटक क्रिकेट टीम के बल्लेबाज केएल राहुल ने सोमवार को एमसीए-बीकेसी ग्राउंड पर मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल में चौथी पारी में बेहद अहम शतक जड़ दिया। 33 वर्षीय राहुल ने 147 गेंदों में अपना 24वां फर्स्ट-क्लास शतक पूरा किया। उनकी यह पारी कर्नाटक के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही, क्योंकि टीम मुंबई द्वारा दिए गए 325 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही है। आइए राहुल के प्रदर्शन और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
आंकड़े
राहुल ने खेली अहम पारी
कठिन लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक की शुरुआत खराब रही और फॉर्म में चल रहे ओपनर मयंक अग्रवाल (3) सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद राहुल ने कप्तान देवदत्त पडिक्कल (39) के साथ पारी संभाली और दोनों ने मिलकर 84 रनों की अहम साझेदारी की। इसके बाद स्मरण रविचंद्रन के रूप में राहुल को एक और मजबूत साथी मिला। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 130 से ज्यादा रनों की साझेदारी करते हुए कर्नाटक को 250 रन के पार पहुंचाया।
मैच
मजबूत स्थिति में कर्नाटक
चौथी पारी में शानदार शतक जड़कर राहुल ने कर्नाटक को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। इस मुकाबले की पहली पारी में राहुल ने 28 रन बनाए थे और वह मोहित अवस्थी की गेंद पर आउट हुए थे। वह हाल ही में पंजाब के खिलाफ ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में कर्नाटक की रणजी टीम में लौटे थे, जहां उन्होंने पहली पारी में अर्धशतक लगाया था।