LOADING...
IPL 2026 में KKR के लिए खेल सकते हैं केएल राहुल- रिपोर्ट 
केएल राहुल अभी दिल्ली की टीम का हिस्सा हैं (तस्वीर: एक्स/@klrahul)

IPL 2026 में KKR के लिए खेल सकते हैं केएल राहुल- रिपोर्ट 

Jul 31, 2025
02:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था। IPL 2024 में टीम को चैंपियन बनाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर पंजाब किंग्स (PBKS) में शामिल हो गए थे। उन्हें फ्रेंचाइजी ने रिटेन नहीं किया था, जिसके बाद PBKS ने उन्हें नीलामी में 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। पिछले संस्करण KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे थे। अब IPL 2026 में KKR केएल राहुल को अपनी टीम के साथ जोड़ सकती है।

रिपोर्ट

बड़े बदलाव की तैयारी कर रही KKR 

IPL 2025 में KKR ने कुछ चौंकाने वाले फैसले लिए। टीम ने वेंकटेश अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा और रहाणे को कप्तान बनाया। वेंकटेश का प्रदर्शन पूरे संस्करण अच्छा नहीं रहा, जबकि रहाणे की कप्तानी भी बेहद खराब रही। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। KKR प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। अब IPL 2026 से पहले KKR अपनी गलतियों को सुधारने का प्रयास कर रही है और बड़े बदलाव की तैयारी कर रही है।

ट्रेड

राहुल को ट्रेड करेगी KKR 

टाइम्स ऑफ इंडिया के गौरव गुप्ता के अनुसार, KKR IPL 2026 के लिए राहुल को ट्रेड के जरिए टीम में शामिल करना चाहती है। राहुल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने 14 करोड़ रुपये में खरीदा था, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 से ज्यादा रन बनाए थे। राहुल KKR की मध्यक्रम की समस्या सुलझा सकते हैं और जरूरत पड़ने पर विकेटकीपिंग भी कर सकते हैं। अगर वह टीम से जुड़ते हैं तो कप्तानी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

कोच

टीम के कोच की हुई छुट्टी 

इस बीच KKR ने 3 संस्करण के बाद मुख्य कोच चंद्रकांत पंडित से नाता तोड़ लिया है। टीम ने गेंदबाजी कोच भरत अरुण को भी बाहर का रास्ता दिखाया है। पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच अरुण अब लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से जुड़ गए हैं। पंडित और अरुण की जगह कौन लेगा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन नए कोच बन सकते हैं। जहीर खान को गेंदबाजी कोच बनाया जा सकता है।

करियर

बेमिसाल रहा है राहुल का IPL करियर

राहुल ने साल 2013 में KKR के खिलाफ अपने IPL करियर का आगाज किया था। वह अब तक 145 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 136 पारियों में 46.21 की औसत से 5,222 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 5 शतक और 41 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 134* रन रहा है। IPL 2025 में उन्होंने 13 पारियों में 53.90 की उम्दा औसत और 149.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 539 रन बनाए थे।