Page Loader
केएल राहुल ने विदेशी जमीं पर जड़ा टेस्ट शतक, महेंद्र सिंह धोनी के क्लब में शामिल
केएल राहुल ने लगाया शतक (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

केएल राहुल ने विदेशी जमीं पर जड़ा टेस्ट शतक, महेंद्र सिंह धोनी के क्लब में शामिल

Dec 27, 2023
08:02 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 137 गेंदों पर 14 चौकों और 4 छक्कों की बदौलत 101 रन बनाए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 73.72 की रही। इसके साथ ही उनकी महेंद्र सिंह धोनी के खास क्लब में एंट्री हो गई है। वह विदेशी जमीं पर टेस्ट शतक लगाने वाले छठे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं।

आंकड़े

पंत ने लगाए हैं 4 शतक

विदेशी जमीं पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत हैं। घर के बार टेस्ट में पंत ने अब तक 4 शतक लगाए हैं। पंत ने 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 159* रन बनाए थे। उन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ 146 रन की पारी खेली थी। साथ ही 2018 में इंग्लिश टीम के खिलाफ टेस्ट में 114 रन बनाए थे। इसके अलावा पंत ने 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 100* रन जड़े थे।

आंकड़े

धोनी ने पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था टेस्ट शतक

धोनी ने 2006 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट में 148 रन बनाए थे और विजय मांजरेकर ने 1953 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के विरुद्ध 118 रन जड़े थे। साथ ही 2002 में अजय रात्रा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 115 स्कोर किया था। इसके आलवा 2016 में ऋद्धिमान साहा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 104 रन ठोके थे। बता दें कि राहुल का बतौर विकेटकीपर यह पहला टेस्ट मैच है, जिसमें उन्होंने शतक जड़ा है।