LOADING...
वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया
कीरोन पोलार्ड

वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया

Apr 20, 2022
09:51 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है। पोलार्ड ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सन्देश के जरिए खेल को अलविदा कहा है। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी 2022 में टी-20 के रूप में भारत के खिलाफ खेला था। बता दें पोलार्ड इस समय भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 में खेल रहे हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

मैरून रंग को पहनना मेरे लिए सौभाग्य की बात- पोलार्ड

पोलार्ड ने अपने संन्यास के अवसर पर कहा, 'काफी सोच विचार के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। दस साल की उम्र से वेस्टइंडीज के लिए खेलना मेरा सपना था और मुझे गर्व है कि खेल के टी-20 और वनडे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में मैंने 15 साल से अधिक समय तक वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है। मैरून रंग को पहनना और महान खिलाड़ियों के साथ खेलना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है।'

करियर

ऐसा रहा है अंतरराष्ट्रीय करियर

पोलार्ड ने 123 वनडे में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है, जिसमें तीन शतक और 13 अर्धशतक की मदद से 2,706 रन बनाए हैं। इस बीच उनका 94.41 का स्ट्राइक रेट रहा है। वनडे में उन्होंने 55 विकेट लिए हैं। दूसरी तरफ 101 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पोलार्ड ने 135.14 की स्ट्राइक रेट से 1,569 रन बनाए हैं। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 4/25 के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 42 विकेट लिए हैं।

Advertisement

उपलब्धि

एक ओवर में छह छक्के लगा चुके हैं पोलार्ड

पोलार्ड ने 2021 में श्रीलंका के खिलाफ हुए टी-20 मुकाबले में कीर्तिमान अपने नाम किया था। उन्होंने स्पिन गेंदबाज अकीला धनंजय के एक ओवर में छह छक्के लगा दिए और ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने थे। सबसे पहले 2007 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने यह कारनामा किया था। इसके बाद उसी साल टी-20 विश्व कप में युवराज सिंह ने टी-20 मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी।

Advertisement

कप्तानी

ऐसी रही पोलार्ड की कप्तानी

पोलार्ड को 2019 में वनडे और टी-20 टीमों के लिए वेस्टइंडीज का कप्तान नियुक्त किया गया था। उन्होंने दोनों प्रारूपों में कुल 61 मैचों में टीम का नेतृत्व किया, जिनमें से 25 में जीत हासिल की। पोलार्ड की कप्तानी में वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान (वनडे), श्रीलंका (टी-20), और इंग्लैंड (टी-20) के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज जीती। वह वेस्टइंडीज के साथ 2012 में टी-20 विश्व कप भी जीत चुके हैं।

Advertisement