
टी-20 क्रिकेट में 600 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने किरोन पोलार्ड, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड टी-20 क्रिकेट में 600 मैच खेलने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं।
35 वर्षीय पोलार्ड ने 'द हंड्रेड' में लंदन स्पिरिट के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
उन्होंने 11 गेंदों में 34* रनों की पारी खेली और उनकी टीम ने 52 रन से जीत दर्ज की।
अप्रैल 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पोलार्ड टी-20 में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
उनके आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
आंकड़े
टी-20 में दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं पोलार्ड
पोलार्ड ने जुलाई 2006 में स्टैनफोर्ड में त्रिनिदाद एंड टोबैगो के लिए अपना टी-20 डेब्यू किया। उन्होंने 2009 में खेली गई चैंपियंस लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।
पोलार्ड टी-20 क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 151.22 की स्ट्राइक रेट से 11,723 रन बना लिए हैं।
वह टी-20 रनों के मामले में सिर्फ अपने हमवतन क्रिस गेल (14,562) से पीछे हैं।
जानकारी
एक शतक और 56 अर्धशतक लगा चुके हैं पोलार्ड
पोलार्ड ने टी-20 क्रिकेट में एक शतक और 56 अर्धशतक लगाए हैं। वह इस प्रारूप में दूसरे सर्वाधिक छक्के (783) लगाने वाले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा उन्होंने 738 चौके भी लगाए हैं। गेंदबाजी में उनके नाम 309 टी-20 विकेट हैं।
आंकड़े
पोलार्ड के अन्य आंकड़े
पोलार्ड ने 101 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 135.14 के स्ट्राइक रेट से 1,569 रन बनाए हैं। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 42 विकेट भी लिए हैं।
वह पांच बार की IPL चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन (3,412) बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
IPL में पोलार्ड मुंबई के लिए सबसे अधिक (189) मैच खेलने वाले वाले खिलाड़ी हैं।
वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर के नाम कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में 2,227 रन हैं।
उपलब्धि
600 टी-20 खेलने वाले पहले खिलाड़ी बने पोलार्ड
सिर्फ पोलार्ड और ड्वेन ब्रावो ऐसे क्रिकेटर हैं जिन्होंने टी-20 क्रिकेट में 500 से अधिक मैच खेले हैं। ब्रावो ने अब तक 543 टी-20 खेले हैं। शोएब मलिक (472), क्रिस गेल (463) और रवि बोपारा (426) इस सूची में अन्य शामिल हैं।
पोलार्ड ने 2020 में अपना 500 टी-20 मैच खेला था और इस आंकड़े तक पहुंचने वाले विश्व के पहले खिलाड़ी बने थे। अब वह 600 मैच के आंकड़े तक भी सबसे पहले पहुंचे हैं।
कीर्तिमान
एक ओवर में छह छक्के लगा चुके हैं पोलार्ड
पोलार्ड ने 2021 में श्रीलंका के खिलाफ हुए टी-20 मुकाबले में कीर्तिमान अपने नाम किया था। उन्होंने स्पिन गेंदबाज अकीला धनंजय के एक ओवर में छह छक्के लगा दिए और ऐसा करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने थे।
सबसे पहले 2007 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने यह कारनामा किया था। इसके बाद उसी साल टी-20 विश्व कप में युवराज सिंह ने टी-20 मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी।