केसी कार्टी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला वनडे शतक जड़ने से चूके, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के बल्लेबाज केसी कार्टी ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे में शानदार अर्धशतकीय पारी (95) खेली। यह उनके वनडे करियर का छठा और न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 67 गेंदों में पूरा किया। उनकी इस पारी की बदौलत ही कैरेबियन टीम मुकाबले में 7 विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रही। वह दुर्भाग्यशाली रहे कि अपने करियर का 5वां और कीवी टीम के खिलाफ पहला शतक जड़ने से चूक गए।
बल्लेबाजी
कैसी रही कार्टी की पारी और साझेदारी?
वेस्टइंडीज को 268 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 28 रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लग गया था। उसके बाद बल्लेबाजी पर आए कार्टी ने एक छोर संभालकर पारी आगे बढ़ाया। उन्होंने अकीम ऑगस्ट (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 और कप्तान शाई होप (87*) के साथ तीसरे विकेट के लिए 131 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूती दी। वह 112 गेंदों में 10 चौके और 2 छक्कों से 95 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
कैसा रहा है कार्टी का वनडे करियर?
कार्टी ने साल 2022 में नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। वह अब तक 48 मैच की 45 पारियों में 42.88 की औसत और 77.29 की स्ट्राइक रेट से 1,715 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 6 अर्धशतक के अलावा 4 शतक भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 170 रन का रहा है। वह इस प्रारूप में 149 चौके और 28 छक्के भी जड़ चुके हैं।