टी-20 विश्व कप के हर संस्करण में कैसा रहा है केन विलियमसन का प्रदर्शन?
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2024 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 7 जून को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ करेगी। न्यूजीलैंड ने अब तक एक बार भी टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी अपने नाम नहीं की है।
अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आगामी संस्करण में उनके कप्तान केन विलियमसन होंगे। इस खिलाड़ी का बल्ला इस टूर्नामेंट में खूब चलता है।
ऐसे में प्रत्येक संस्करण में उनके प्रदर्शन पर एक नजर डाल लेते हैं।
#1
2012 में खेला था पहला टी-20 विश्व कप
विलियमसन ने पहला टी-20 विश्व कप मुकाबला साल 2012 में खेला था। उनका प्रदर्शन उस विश्व कप में अच्छा नहीं रहा था।
उन्हें 4 मुकाबलों में मौका मिला था, जहां उन्होंने 12 की औसत से सिर्फ 36 रन बनाए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 17 रन रहा था।
2014 के टी-20 विश्व कप में विलियमसन ने न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए थे। उनके बल्ले से 4 मैचों की 4 पारियों में 48.66 की औसत से 146 रन निकले थे।
#2
साल 2016 के विश्व कप में कैसा था विलियमसन का प्रदर्शन?
साल 2016 के विश्व कप में विलियमसन ने 5 मैच खेले थे और इसकी 5 पारियों में 24.60 की औसत से 123 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 105.21 की रही थी।
वह मार्टिन गुप्टिल (140) के बाद अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। हालांकि, उनकी टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 7 विकेट से हार मिली थी।
उस मैच में विलियमसन ने 32 रन बनाए थे।
#3
2021 के विश्व कप में खूब चला विलियमसन का बल्ला
एक बार फिर 2021 के टी-20 विश्व कप में विलियमसन अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
उन्होंने 7 मैच की 7 पारियों में 2 बार नाबाद रहते हुए 43.20 की औसत से 216 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 115.50 की रही थी। उनके बल्ले 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 85 रन था।
उनकी यह पारी सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ आई थी। हालांकि, टीम को हार मिली थी।
#4
आखिरी विश्व कप में कैसा था विलियमसन का प्रदर्शन?
2022 के टी-20 विश्व कप में विलियमसन ने 5 मुकाबले खेले थे। इसकी 5 पारियों में उन्होंने 35.60 की औसत से 178 रन बनाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 116.33 की रही थी।
उनके बल्ले से 1 अर्धशतक निकला था और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 61 रन रहा था।
वह ग्लेन फिलिप्स (201) के बाद अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में कीवी टीम को 7 विकेट से हराया था।
जानकारी
टी-20 विश्व कप में विलियमसन का प्रदर्शन
विलियमसन ने टी-20 विश्व कप में 25 मैच खेले हैं। इसकी 24 पारियों में उन्होंने 33.28 की औसत और 113.84 की स्ट्राइक रेट से 699 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 85 रन रहा है।