Page Loader
केन विलियमसन रहे न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान, जानिए उनके अहम रिकार्ड्स
केन विलियमसन अब टेस्ट की कप्तानी नहीं करेंगे (तस्वीर: ट्विटर/@nic_savage1)

केन विलियमसन रहे न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान, जानिए उनके अहम रिकार्ड्स

Dec 15, 2022
12:01 pm

क्या है खबर?

केन विलियमसन ने न्यूजीलैंड की टेस्ट कप्तानी छोड़ दी है। वह अब सिर्फ वनडे और टी-20 क्रिकेट में कीवी टीम का नेतृत्व करेंगे। वह न्यूजीलैंड के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे हैं। ऐसे में अब अनुभवी तेज गेंदबाज टिम साउथी को न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया है। न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने आधिकारिक तौर पर ये जानकारी दे दी है। आइए विलियमसन की कप्तानी के रिकॉर्ड पर एक नजर डालते हैं।

सफलता

विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड ने जीते 22 टेस्ट मैच

32 वर्षीय विलियमसन न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के दूसरे सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे हैं। उन्होंने 40 मैच में टीम की कप्तानी की और 22 मुकाबलों में हासिल की है। इस दौरान आठ मैच ड्रॉ रहे और टीम को 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। स्टीफन फ्लेमिंग (28) ही न्यूजीलैंड के लिए उनसे ज्यादा टेस्ट मैच जीते हैं। विलियमसन की कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया था।

स्टीफन फ्लेमिंग

बतौर बल्लेबाज कैसा रहा विलियमसन का प्रदर्शन?

विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट में छह साल कप्तानी की और 65 पारियों में 57.43 के शानदार औसत से 3,331 रन बनाए। उन्होंने कप्तान रहते हुए अपने करियर के 49.23 के औसत से भी अच्छा प्रदर्शन किया है। केवल फ्लेमिंग (5,156) ने न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान के रूप में विलियमसन से अधिक रन बनाए हैं। कप्तान के तौर पर विलियमसन ने 11 शतक और 14 अर्धशतक लगाए हैं। इसी तरह फ्लेमिंग ने आठ और ब्रेंडन मैकुलम ने छह शतक लगाए हैं।

ब्रेंडन मैकुलम

विलियमसन की जीत का प्रतिशत 55 का रहा

विलियमसन ने ब्रेंडन मैकुलम के कप्तानी छोड़ने के बाद 2016 में टीम की कप्तानी संभाली थी। टेस्ट में उनकी जीत का प्रतिशत 55 का रहा है। वहीं, हार का प्रतिशत सिर्फ 25 का है। विलियमसन पूरी दुनिया में सबसे सफल कप्तानों में 29वें स्थान पर हैं। कप्तान के तौर पर उनकी बल्लेबाजी औसत 57 का रहा। उनके अलावा केवल मार्टिन क्रो (54) ने न्यूजीलैंड के लिए कप्तान के रूप में 50 या उससे अधिक के औसत से रन बनाए हैं।

ब्रायन लारा

विलियमसन से केवल लारा ही बेहतर

40 टेस्ट या उससे अधिक मैच में कप्तानी करने वाले सभी खिलाड़ियों में केवल ब्रायन लारा (57.83) ही विलियमसन से बेहतर औसत से रन बनाए हैं। दुनिया के सबसे सफल कप्तान की बात करें तो ग्रीम स्मिथ का नाम सबसे ऊपर आता है। उन्होंने 109 टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका की कप्तानी की और 53 में टीम को जीत दिलाई है। इसी तरह 29 मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा है।