Page Loader
कगिसो रबाडा को मिली खेलने की अनुमति, पूरा हुआ ड्रग सेवन के कारण लगा प्रतिबंध
कगिसो रबाडा को मिली फिर से खेलने की अनुमति

कगिसो रबाडा को मिली खेलने की अनुमति, पूरा हुआ ड्रग सेवन के कारण लगा प्रतिबंध

May 05, 2025
06:16 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस (GT) और उसके तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा के लिए राहत की खबर है। मनोरंजन के लिए प्रतिबंधित नशीली दवा का सेवन करने के मामले में प्रतिबंध झेल रहे रबाडा का फिर से खेलने की अनुमति मिल गई है। उनका एक महीने का प्रतिबंध पूरा हो गया है। दक्षिण अफ्रीकी नशा मुक्त खेल संस्थान (SAIDS) ने इसकी पुष्टि की है।

बयान

SAIDS ने क्या जारी किया है बयान?

SAIDS की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "कगिसो रबाडा पर लगा प्रतिबंध समाप्त हो गया है और उन्हें तुरंत खेलना शुरू करने की अनुमति दे दी गई है।" बता दें कि रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका की टी-20 लीग में (SA20) एक मनोरजन के लिए एक नशीली दवा का सेवन किया था, जो विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (WADA) के तहत प्रतिबंधित है। ऐसे में वह 21 जनवरी को हुआ डोप टेस्ट पास नहीं कर पाए थे।

वापसी

IPL छोड़कर स्वदेश लौट गए थे रबाडा

रबाडा को गत 1 अप्रैल को डोप टेस्ट के परिणाम की सूचना दी गई थी और उन पर प्रतिबंधित दवा के सेवन के लिए 3 महीने का प्रतिबंध लगाया गया था। हालांकि, अपील में उनके पहली बार इस दवा का सेवन करने की पुष्टि होने पर प्रतिबंध को घटाकर 1 महीना कर दिया था। इसके बाद रबाडा GT को छोड़कर स्वदेश लौट गए थे। ऐसे में GT ने उनके व्यक्तिगत कारणों से वापस दक्षिण अफ्रीका लौटने की पुष्टि की थी।

खुलासा

रबाडा ने 3 अप्रैल को किया था प्रतिबंध का खुलासा

रबाडा ने 3 अप्रैल को कहा था वह व्यक्तिगत कारणों से नहीं, बल्कि मनोरंजनात्मक ड्रग के सेवन के कारण डोप टेस्ट में विफल होने के कारण स्वदेश लौटे थे। वह सभी से माफी मांगते हैं और भविष्य में इस तहर का कदम न उठाने का वादा करते हैं। उन्होंने यह भी बताया था कि वह इस समय अस्थायी निलंबन का सामना कर रहे हैं और फिर से क्रिकेट खेलने के लिए बेताब हैं। अब उनका प्रतिबंध पूरा हो गया है।

करियर

रबाडा के IPL करियर पर एक नजर

रबाडा ने पहला IPL मैच साल 2017 में खेला था। उन्होंने इस लीग में 82 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 22.29 की शानदार औसत के साथ 119 विकेट लिए हैं। उनकी इकॉनमी रेट 8.53 की रही है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/21 का रहा है। IPL 2024 में रबाडा ने 11 मैच खेले और 33.82 की औसत से 11 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2/18 का रहा था। IPL 2025 में रबाडा से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद थी।