टी-20 विश्व कप के बाद जय शाह बोले- कोई भी देश ICC से बड़ा नहीं
क्या है खबर?
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने टी-20 विश्व कप 2026 में टीमों को लेकर हुए विवाद पर पहली बार कुछ बोला है। बांग्लादेश ने भारत में ये टूर्नामेंट खेलने से मना कर दिया था, वहीं पाकिस्तान ने भी बहिष्कार करने की धमकी दी थी। बांग्लादेश तो टूर्नामेंट नहीं खेली, लेकिन पाकिस्तान ने श्रीलंका में अपने मुकाबले खेले और सुपर-8 से बाहर हो गई। ऐसे में आइए जानते हैं कि जय शाह ने क्या कहा है।
बयान
जय शाह ने क्या कहा?
ICC चेयरमैन ने कहा, "यह ICC विश्व कप बहुत महत्वपूर्ण था, क्योंकि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इस बात को लेकर काफी चर्चा हो रही थी कि कुछ टीमें इसमें हिस्सा लेंगी या नहीं और विश्व कप कैसे आयोजित होगा? ICC चेयरमैन के तौर पर मैं यह कह सकता हूं कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती और न ही कोई एक टीम किसी संगठन को बनाती है। एक संगठन सभी टीमों के संयोजन से बनता है।"
टीम
छोटी टीमों ने किया शानदार प्रदर्शन
ICC चेयरमैन ने आगे कहा, "इस विश्व कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। इतिहास में पहली बार 7.2 मिलियन (72 लाख) समकालीन दर्शक (एक ही समय पर देखने वाले दर्शक) दर्ज किए गए और कुल व्यूअरशिप के मामले में भी नए रिकॉर्ड बने। टूर्नामेंट में एसोसिएट टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। USA क्रिकेट टीम ने भारत को कड़ी टक्कर दी, नीदरलैंड्स ने पाकिस्तान को परेशान किया, जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया और नेपाल ने इंग्लैंड को डराया।"
भारत
भारतीय टीम को लेकर ये बोले जय शाह
उन्होंने आगे कहा, "मेरे पास सूर्यकुमार यादव और गौतम गंभीर के लिए संदेश है। ऊपर से नीचे फिसलने में कुछ महीने लगते हैं, जबकि नीचे से ऊपर चढ़ने में सालों लग जाते हैं। इसलिए कड़ी मेहनत करते रहिए। जब मैं BCCI में था, तब मैंने 2028 ओलंपिक तक की योजना बनाई थी। अब मैं ICC में हूं और BCCI की जिम्मेदारी दूसरों के पास है। आप सभी 2030, 2031 और यहां तक कि 2036 के लिए भी तैयारी करनी चाहिए।"
प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप में कमाल का रहा भारतीय टीम का प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार और संतुलित प्रदर्शन कर तीसरी बार ट्रॉफी जीती। फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराया था। पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए, जबकि गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा। ग्रुप चरण से लेकर सुपर-8 और सेमीफाइनल तक भारत ने एक को छोड़कर सभी मुकाबले जीते। कई नई टीमों ने भी इस टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया।