क्राइस्टचर्च टेस्ट में बिना विकेट रहे जसप्रीत बुमराह, सुनील गावस्कर ने बताया क्या रही कमी
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को विकेट नहीं मिला। बुमराह ने 26 ओवर में 6 मेडन के साथ 49 रन खर्च किए। इस पारी में किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया और कई मौकों पर बल्ले का किनारा लगने के बावजूद गेंद फील्डरों तक नहीं पहुंच सकी। बुमराह के इस स्पेल का पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने खास विश्लेषण किया है।
कारण
गावस्कर ने क्या बताया बुमराह की असफलता का कारण?
सोनी स्पोर्ट्स पर गावस्कर ने कहा कि बुमराह पहली नई गेंद से तो बेहद खतरनाक दिखे, लेकिन दूसरी नई गेंद के साथ उनमें वह पैनापन नजर नहीं आया।
गावस्कर ने कहा, "दूसरी नई गेंद के साथ वह उतने खतरनाक नहीं दिखे, जितने पहली नई गेंद के साथ लग रहे थे। वेलिंगटन टेस्ट के पहले दिन वह वास्तव में बेहद खतरनाक दिखे थे और यहां तक कि दूसरी पारी में भी उन्होंने काफी परेशान किया था।"
बयान
थकान और कार्य भार पर क्या बोले गावस्कर?
गावस्कर ने कहा, "जब दूसरी नई गेंद आई, तो ऐसा नहीं लगा कि उनकी गेंदों में वह धार है। वह तब तक 19 ओवर फेंक चुके थे। शायद वह थकान महसूस कर रहे थे। यहीं पर भारत संघर्ष कर रहा है। आप दूसरी नई गेंद से विकेट नहीं निकाल पाएंगे, तो आपको मैदान पर लंबे समय तक फील्डिंग करनी पड़ेगी।"
दरअसल, गावस्कर का मानना है कि बुमराह से पहले स्पेल पर ज्यादा ओवर कराने से उनकी क्षमता कम होती है।
रनअप
बुमराह के रन-अप पर ईश सोढ़ी की राय
मैच के पहले दिन बुमराह ने अलग-अलग रन-अप का भी इस्तेमाल किया, जिसने कमेंटेटर्स का ध्यान खींचा।
न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी ने कहा, "यह देखना काफी दिलचस्प था। इस पर खुद बुमराह की राय जानना मजेदार होगा। एक्शन में हल्के बदलाव के बावजूद, मुझे लगता है कि यह लय से जुड़ी बात रही होगी। वह काफी सटीक थे। शायद यह सीधी लाइन में दौड़ने जैसा कुछ था। सबसे दिलचस्प रूप से उन्होंने गेंदों के बीच में भी बदलाव किया।"
निराशा
बुमराह के साथ तीसरी बार हुआ ऐसा
बुमराह के करियर में यह सिर्फ तीसरी बार था जब उन्होंने एक पारी में 24 या उससे अधिक ओवर फेंके और कोई विकेट नहीं लिया।
इससे पहले साल 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट में बुमराह ने पहली पारी में 26 ओवर में 0/79 के आंकड़े दर्ज किए थे।
इसी तरह उसी साल साउथैम्प्टन में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल में बुमराह ने पहली पारी में 26 ओवर में 0/57 के आंकड़े दर्ज किए थे।