Page Loader
जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स
बुमराह ने लिए 5 विकेट (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में लिए 5 विकेट, बनाए ये रिकॉर्ड्स

Jun 22, 2025
08:30 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ लीड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट में 5 विकेट चटकाए। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां 5 विकेट हॉल है। इसके साथ-साथ उन्होंने SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में अपने 150 विकेट पूरे किए। उनकी उम्दा गेंदबाजी के बावजूद इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 465 रन बनाए। आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी 

जोरदार रही बुमराह की गेंदबाजी 

बुमराह ने जैक क्रॉली (4) को आउट करते हुए अपने विकेटों का खाता खोला था। इसके बाद उन्होंने बेन डकेट (62) को अपना शिकार बनाया। भारतीय दिग्गज तेज गेंदबाज ने जो रूट (28), क्रिस वोक्स (38) और जोश टंग (11) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 24.4 ओवर में 83 रन देते हुए ये 5 सफलताएं हासिल की। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 विकेट अपने नाम किए।

उपलब्धि 

बुमराह बने SENA देशों में 150 विकेट चटकाने वाले पहले एशियाई 

बुमराह के अब SENA देशों में 150 विकेट चटकाने वाले पहले एशियाई गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्हाेंने 60 पारियों में यह कारनामा किया है। उन्होंने इस मामले में पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज वसीम अकरम को पीछे छोड़ा है, जिन्होंने 55 पारियों में 146 विकेट चटकाए थे। इस सूची में पूर्व भारतीय स्पीनर अनिल कुंबले (67 पारियों में 141 विकेट) तीसरे और इशांत शर्मा (71 पारियों में 130 विकेट) चौथे स्थान पर काबिज हैं।

रिकॉर्ड्स 

विदेशों में सर्वाधिक 5 विकेट हॉल वाले भारतीय बने बुमराह 

बुमराह का यह विदेशों में (घर से बाहर) कुल 12वां 5 विकेट हॉल रहा। इसके साथ ही वह विदेशों में सर्वाधिक 5 विकेट हॉल (संयुक्त रूप से) वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में कपिल देव की बराबरी की। विदेशों में बुमराह ने 34 टेस्ट में जबकि कपिल ने 66 टेस्ट में 12वां 5 विकेट हॉल लिया। इस सूची में तीसरे पायदान पर मौजूद अनिल कुंबले हैं, जिन्होंने विदेशों में 10 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं।

करियर 

कैसा रहा है बुमराह का टेस्ट करियर? 

बुमराह ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने अब तक 46 टेस्ट मैच खेले हैं और इसकी 87 पारियों में 19.42 की औसत के 210 विकेट लेने में सफल रहे हैं। वह अपने टेस्ट करियर में 7 बार 4 विकेट हॉल और 14 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/27 विकेट का रहा है।

बढ़त 

भारत ने हासिल की 6 रन की बढ़त 

लीड्स टेस्ट में भारत ने पहली पारी में 471 रन बनाए थे। भारत से कप्तान शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत ने शतक लगाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने सभी विकेट खोकर 465 रन बनाए। इंग्लिश टीम से ओली पोप ने शतक (106) लगाया। उनके अलावा हैरी ब्रूक ने 99 रन की पारी खेली। बुमराह की घातक गेंदबाजी के चलते भारत ने 6 रन की बढ़त हासिल की।