Loading...
जसप्रीत बुमराह को अभी टेस्ट में बहुत कुछ साबित करना होगा, वकार यूनिस का बड़ा बयान
जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा बयान आया है (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

जसप्रीत बुमराह को अभी टेस्ट में बहुत कुछ साबित करना होगा, वकार यूनिस का बड़ा बयान

Oct 29, 2026
06:16 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज तेज गेंदबाज वकार यूनिस ने जसप्रीत बुमराह को मौजूदा दौर में सीमित ओवरों के क्रिकेट का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बताया है। हालांकि, उनका मानना है कि भारतीय तेज गेंदबाज को टेस्ट क्रिकेट में अभी और खुद को साबित करना बाकी है। वकार के मुताबिक, बुमराह ने लाल गेंद से पर्याप्त क्रिकेट नहीं खेला है। ऐसे में उन्हें टेस्ट प्रारूप में दुनिया के अन्य प्रमुख तेज गेंदबाजों से बेहतर मानना अभी जल्दबाजी होगी।

बयान

वकार ने क्या कहा?

वकार ने शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में कहा, "सीमित ओवरों के क्रिकेट में बुमराह के स्तर का कोई दूसरा गेंदबाज नहीं है। टेस्ट क्रिकेट को अलग रखें, क्योंकि उन्हें इस प्रारूप में अभी बहुत कुछ साबित करना बाकी है। उन्होंने ज्यादा टेस्ट नहीं खेले हैं। मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और इंग्लैंड के कुछ गेंदबाजों को भी नजरअंदाज नहीं कर सकते। लेकिन टी-20 और वनडे में बुमराह दबाव वाले अहम मौकों पर हमेशा प्रभाव छोड़ते हैं और यही मायने रखता है।"

मुश्किल

जब भी भारतीय टीम मुश्किल में होगी है बुमराह गेंदबाजी करते हैं- वकार

वकार ने आगे कहा, "जब भी भारतीय कप्तान मुश्किल में होते हैं वे गेंद बुमराह को ही सौंपते हैं। न्यूयॉर्क (2024 टी-20 विश्व कप) में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ हारना नहीं चाहिए था। लक्ष्य का पीछा करते हुए रन गति नियंत्रण में थी, लेकिन बुमराह ने मोहम्मद रिजवान को आउट किया, वही मुकाबले का निर्णायक मोड़ साबित हुआ। प्रभावशाली खिलाड़ी ही असली अंतर पैदा करते हैं। उनका प्रदर्शन दूसरों को भी बेहतर करने के लिए प्रेरित करता है।"

ADVERTISEMENT

करियर

बुमराह के टेस्ट करियर पर एक नजर 

बुमराह ने पहला टेस्ट मैच साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।

उन्होंने अब तक 52 मुकाबले खेले हैं और इसकी 99 पारियों में 19.79 की औसत से 234 विकेट चटकाए हैं।

उन्होंने 7 बार 4 विकेट हॉल और 16 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 6/27 का रहा है।

इस खिलाड़ी ने वनडे में 151 विकेट और टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 126 विकेट लिए हैं।

ADVERTISEMENT