नेट्स पर लौटे जसप्रीत बुमराह, वैभव सूर्यवंशी को किया परेशान
क्या है खबर?
भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने शुक्रवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नेट्स पर वापसी की है। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी 3 मैचों की टी-20 सीरीज से पहले भारतीय टीम के अभ्यास सत्र में बुमराह ने करीब 45 मिनट तक गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की और वैभव सूर्यवंशी के सामने भी शानदार चुनौती पेश की। बता दें, सूर्यवंशी ने पहले IPL में बुमराह की गेंद पर छक्का लगाया था।
बुमराह
लंबे समय बाद नेट्स पर लौटे बुमराह
बुमराह जुलाई के बाद से ही मैदान से बाहर थे और उनकी नेट्स पर वापसी से भारतीय कैंप में उत्साह नजर आया।
अभ्यास सत्र के शुरुआती 30 मिनट में फील्डिंग कोच सुभदीप घोष ने खिलाड़ियों को डायरेक्ट-हिट और हाई-कैचिंग ड्रिल कराई। इसके बाद बुमराह ने अपने साथी तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी और यश ठाकुर के साथ गेंदबाजी की।
उन्होंने करीब 45 मिनट तक पूरी रफ्तार से गेंदबाजी की और फिट नजर आए।
अभ्यास
सूर्यवंशी के सामने पहली बार नेट्स में गेंदबाजी
बुमराह और सूर्यवंशी का भारतीय नेट्स में यह पहला आमना-सामना था। दोनों इससे पहले IPL में भिड़ चुके हैं, जब 15 साल के सूर्यवंशी ने बुमराह की गेंद पर छक्का लगाया था।
इस बार बुमराह ने सूर्यवंशी को कोई राहत नहीं दी। उनकी पहली गेंद यॉर्कर थी, जो लेग स्टंप से बाहर निकल गई। दूसरी गेंद लेंथ पर थी, जो बाहर की ओर निकली और सूर्यवंशी के बल्ले को पूरी तरह छकाते हुए निकल गई।
ट्विटर पोस्ट
देखें वीडियो
🚨 Bumrah vs Vaibhav suryavanshi 🚨
— VEER SA (@veersaa007) September 12, 2026
-Four balls
-Bumrah beat Vaibhav’s bat twice
-Nailed a yorker…
-Then forced an edge
Welcome to international-level bowling, Vaibhav pic.twitter.com/w5cqqE1VFQ
अभ्यास
अन्य गेंदबाजों के खिलाफ सहज दिखे सूर्यवंशी
सूर्यवंशी दूसरे तेज गेंदबाजों के खिलाफ सहज दिख रहे थे, लेकिन बुमराह के सामने वह अपनी लय हासिल नहीं कर सके।
बुमराह ने बाद में संजू सैमसन को भी तेज यॉर्कर और शरीर की ओर शॉर्ट गेंदों से परेशान किया।
बता दें, अफगानिस्तान के खिलाफ 3 टी-20 मैच 13 सितंबर, 15 सितंबर और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। ये सभी मैच अरुण जेटली स्टेडियम में ही खेले जाने हैं।