LOADING...
जसप्रीत बुमराह टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज बने, जानिए आंकड़े
जसप्रीत बुमराह ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में 4 विकेट अपने नाम किए

जसप्रीत बुमराह टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज बने, जानिए आंकड़े

Mar 08, 2026
11:07 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला ही 4 विकेट हॉल रहा है। उनकी गेंदबाजी की बदौलत ही भारतीय टीम मैच में जीत हासिल करते हुए लगातार दूसरा खिताब जीतने में सफल रही। उन्हें इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द फाइनल' के पुरस्कार से भी नवाजा गया।

गेंदबाजी

कैसी रही बुमराह की गेंदबाजी?

बुमराह ने 256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम को 32 रन के कुल स्कोर पर रचिन रविंद्र (1) के रूप में दूसरा झटका देते हुए मैच में अपने विकेटों का खाता खोला। इसके बाद उन्होंने शानदार गेंदबाज करते हुए जिमी नीशन (8), मैट हेनरी (0) और कप्तान मिचेल सैंटनर (43) को भी पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवरों में महज 15 रन खर्च कर ये सफलताएं अर्जित की।

रिकॉर्ड

बुमराह ने मलिंगा और नोर्खिया को पछाड़ा

बुमराह के अब टी-20 विश्व कप में 26 मैचों में 13.65 की औसत और 5.66 की इकॉनमी से 40 विकेट हो गए हैं। वह टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा और दक्षिण अफ्रीका के एनरिक नोर्खिया को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में कुल 38-38 विकेट अपने नाम किए हैं। अर्शदीप सिंह और टिम साउथी (36-36) तीसरे नंबर पर हैं।

Advertisement

उपलब्धि

टी-20 विश्व के नॉकआउट मैचों में दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

बुमराह की यह गेंदबाजी टी-20 विश्व कप इतिहास के नॉकआउट मैचों में किया गया दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बन गया है। इस टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का रिकॉर्ड श्रीलंका के पूर्व स्पिनर अजंता मेंडिस के नाम दर्ज है, जिन्होंने टी-20 विश्व कप 2012 के फाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4/12 विकेट के आंकड़े दर्ज किए थे। इस सूची में पाकिस्तान के शादाब खान (4/12 बनाम ऑस्ट्रेलिया, सेमीफाइनल, 2021) तीसरे नंबर पर हैं।

Advertisement

करियर

कैसा रहा है बुमराह को टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर?

बुमराह ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2016 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। इस खिलाड़ी ने अब तक 95 मुकाबले खेले हैं और इसकी 92 पारियों में 18.08 की औसत और 6.51 की इकॉनमी से 121 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन इसी मैच में आया है। खास बात यह रही है कि उन्होंने अपने करियर में अब तक 12 ओवर मेडन भी फेंके हैं।

Advertisement