Page Loader
IPL 2022: ईशान किशन बने दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी, MI ने दिए 15.25 करोड़ रुपये
ईशान किशन

IPL 2022: ईशान किशन बने दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी, MI ने दिए 15.25 करोड़ रुपये

लेखन Neeraj Pandey
Feb 12, 2022
04:36 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2022 की नीलामी में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को मुंबई इंडियंस (MI) ने 15.25 करोड़ रुपये की कीमत में खरीदा है। किशन की बेस प्राइस दो करोड़ रुपये थी, लेकिन वह मार्की लिस्ट का हिस्सा नहीं थे। किशन IPL इतिहास में बिकने वाले दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। आइए जानते हैं कैसा रहा है किशन का IPL करियर और कैसा रहा था पिछले सीजन में उनका प्रदर्शन।

करियर

ऐसा रहा है किशन का IPL करियर

IPL में किशन ने 2016 में गुजरात लॉयंस के लिए अपना डेब्यू किया था। अब तक खेले 61 मैचों में उन्होंने 28.47 की औसत के साथ 1,452 रन बनाए हैं। इस दौरान किशन ने 99 के सर्वोच्च स्कोर के साथ नौ अर्धशतक लगाए हैं। किशन का IPL करियर में स्ट्राइक-रेट 136.33 का रहा है और इस दौरान उन्होंने 121 चौके तथा 74 छक्के लगाए हैं। गुजरात के लिए दो सीजन में उन्होंने 319 रन बनाए थे।

पिछला सीजन

ऐसा रहा था पिछले सीजन किशन का प्रदर्शन

किशन के लिए पिछला सीजन अच्छा नहीं रहा था और वह अधितर समय संघर्ष करते नजर आए थे। पिछले सीजन उन्होंने 10 मैचों में 26.77 की औसत से केवल 241 रन बनाए थे। किशन ने पिछले सीजन दो अर्धशतक भी लगाए थे। 2020 सीजन में सबसे अधिक 30 छक्के लगाने वाले किशन ने पिछले सीजन केवल 10 ही छक्के लगाए थे। पिछले सीजन उनका स्ट्राइक-रेट 133.88 का रहा था।

जानकारी

पहली बार केवल 35 लाख रुपये में बिके थे किशन

2016 में गुजरात ने किशन को 35 लाख रुपये की कीमत में खरीदा था। 2018 में MI ने 6.2 करोड़ रुपये की भारी कीमत में किशन को अपने साथ जोड़ा था। इसके बाद तीन सीजन उन्हें लगातार रिटेन किया गया था।

शुरुआत

27 मार्च से शुरु हो सकती है लीग

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) लगातार संकेत दे रही है कि IPL की शुरुआत 27 मार्च से हो सकती है। इसके अलावा बोर्ड लगातार यह भी कोशिश कर रही है कि इस बार सीजन भारत में ही खेला जाएगा। तमाम रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि महाराष्ट्र में लीग स्टेज और गुजरात में प्ले-ऑफ खेला जा सकता है। इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका के क्रिकेट बोर्ड्स ने भी लीग आयोजन का प्रस्ताव भेजा है।