क्या पाकिस्तान के उस्मान तारिक का गेंदबाजी एक्शन अवैध है? रविचंद्रन अश्विन ने कही ये बात
क्या है खबर?
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज उस्मान तारिक टी-20 विश्व कप 2026 के दौरान चकिंग विवाद (अवैध गेंदबाजी एक्शन) में घिर गए हैं। USA क्रिकेट टीम के खिलाफ मैच में 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले उस्मान के गेंदबाजी एक्शन पर काफी सवाल उठ रहे हैं। उनके एक्शन में क्रीज के पास रुकने के बाद साइड-आर्म स्लिंग-शॉट जैसी गेंदबाजी देखने को मिलती है, जिसे लेकर क्रिकेट जगत में उनकी चर्चा तेज हो गई है।
बयान
अश्विन ने उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन को लेकर कही ये बात
पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने उस्मान का बचाव किया और कहा कि उनके गेंदबाजी एक्शन की वैधता का फैसला केवल इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बॉलिंग एक्शन टेस्टिंग सेंटर में ही किया जा सकता है। अंपायरों के लिए यह तय करना असंभव है कि कोई गेंदबाज 15 डिग्री की सीमा में है या नहीं, बिना रियल-टाइम परीक्षण उपकरण के यह संभव नहीं है। अश्विन ने लिखा, "ग्रे एरिया का इस्तेमाल करने के लिए किसी पर आरोप लगाना गलत है।"
अंपायर
अश्विन ने ये सवाल भी उठाए
अश्विन ने उस्मान के रुक कर गेंदबाजी करने के विवाद पर यह सवाल भी उठाया कि ऐसी पाबंदियां सिर्फ गेंदबाजों पर ही क्यों लगाई जाती हैं, बल्लेबाजों पर क्यों नहीं? उन्होंने कहा कि बल्लेबाज बिना अंपायर या गेंदबाज को बताए स्विच हिट या रिवर्स शॉट खेल सकता है, जबकि गेंदबाजों को ऐसी छूट नहीं दी जाती। अश्विन ने कहा कि सबसे पहले इस नियम में बदलाव किया जाना चाहिए, ताकि नियमों में समानता सुनिश्चित हो सके।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें अश्विन ने क्या कहा?
Okay, let me make it as clear as possible. Firstly, the legalities of his action can only be tested at an ICC bowling action testing Centre.
— Ashwin 🇮🇳 (@ashwinravi99) February 11, 2026
Secondly, there is a 15° rule under which a bowler needs to keep his elbow and straighten it and to judge if a bowler is bowling within… pic.twitter.com/RbTkY6xJ3h
एक्शन
ऐसा रहा है उस्मान का सफर
पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के दौरान अपने असामान्य गेंदबाजी एक्शन को लेकर पहली बार सुर्खियों में आए उस्मान को कप्तान आघा सलमान का लगातार समर्थन मिलता रहा है। रहस्यमयी स्पिनर उस्मान ने नवंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था और अब तक 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। USA के खिलाफ मैच में शामिल किए गए 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर ने तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की 32 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई।