Page Loader
WWE जा सकती हैं 'दंगल गर्ल' गीता फोगाट, सोशल मीडिया पोस्ट से कर रहीं हैं इशारा

WWE जा सकती हैं 'दंगल गर्ल' गीता फोगाट, सोशल मीडिया पोस्ट से कर रहीं हैं इशारा

लेखन Neeraj Pandey
Jan 26, 2019
05:43 pm

क्या है खबर?

WWE पूरे विश्व में काफी ज़्यादा मशहूर है और लोग इसके लिए पागल हैं। फिलहाल WWE की नजर सबसे बड़ी मार्केट भारत पर है। मार्च में कंपनी मुंबई में ट्राईआउट कराएगी, जिसमें लगभग 40 रेसलर्स के भाग लेने की उम्मीद है। कंपनी चुने गए रेसलर्स को अपने ट्रेनिंग सेंटर ले जाएगी। भारत की 'दंगल गर्ल' गीता फोगाट के एक इंस्टा पोस्ट को देखकर लगता है कि वह भी WWE जाने का मन बना चुकी हैं। पढ़ें पूरी खबर।

संकेत

इंस्टाग्राम पोस्ट से कर रहीं हैं संकेत

गीता फोगाट ने 25 जनवरी को इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो पोस्ट की। फोटो में वह वर्कआउट करने की मुद्रा में नजर आ रही हैं। इसके अलावा फोटो के कैप्शन में सबसे पहले WWE के मार्च में होने वाले ट्राईआउट का जिक्र है। गीता ने लिखा है कि, 'लड़की होने की वजह से आप किसी अरेना से दूर नहीं हो सकती हैं और आपको सेफ प्ले करने की जरूरत नहीं है।'

WWE

WWE के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज ने किया रिपोस्ट

गीता के पोस्ट के कुछ ही देर बाद यह पोस्ट लोगों की नजरों में आने लगा और धीरे-धीरे लोग इस पर प्रतिक्रिया देने लगे। WWE इंडिया के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज ने गीता के पोस्ट को रिपोस्ट किया जिससे लोगों में उनके WWE जाने की खबरों की पुष्टि होने लगी। इसके अलावा मशहूर टीवी कलाकार करणवीर सिंह बोहरा ने गीता को ऑल द बेस्ट बोलकर भी लोगों को इस बात की आशा दे दी कि गीता WWE जा सकती हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

WWE इंडिया द्वारा किया गया रिपोस्ट

WWE ट्राईआउट

मुंबई में होगा पहला WWE ट्राईआउट

मार्च में WWE पहली बार भारत में ट्राईआउट करने जा रहा है। यह इवेंट मुंबई में आयोजित होना है। ऐसा माना जा रहा है कि इस इवेंट पर 40 टैलेंटेड स्पोर्टपर्सन WWE ऑफिशयल्स के सामने प्रदर्शन करेंगे और उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करेंगे। इस दौरान जिन रेसलर्स को चुना जाएगा उन्हें WWE के लंदन या ओरलैंडो के परफॉर्मेंस सेंटर ले जाया जाएगा। इसके पहले कविता देवी, रिंकू सिंह और सौरव गुर्जर जैसे भारतीयों को चुना गया था।

जानकारी

WWE जाने वाली पहली भारतीय महिला रेसलर हैं कविता देवी

भारतीय महिलाओं के लिए एक मिसाल बन चुकी कविता देवी ने 2017 में ही NXT में कदम रखा था। हालाँकि अभी तक उन्हें कुछ ख़ास सफ़लता नहीं मिली है। लेकिन WWE में कदम रखने वाली पहली भारतीय महिला बन वो इतिहास रच चुकी हैं।