Page Loader
आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे: प्रिंस मास्वाउरे ने लगाया अपना चौथा टेस्ट अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े
प्रिंस मास्वाउरे ने लगाया अपना चौथा टेस्ट अर्धशतक (तस्वीर: एक्स/@ZimCricketv)

आयरलैंड बनाम जिम्बाब्वे: प्रिंस मास्वाउरे ने लगाया अपना चौथा टेस्ट अर्धशतक, जानिए उनके आंकड़े

Jul 25, 2024
09:32 pm

क्या है खबर?

जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज प्रिंस मास्वाउरे ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ इकलौते टेस्ट में बेहतरीन अर्धशतकीय पारी (74) खेली। यह उनके टेस्ट करियर का चौथा अर्धशतक रहा। यह उनका अब सर्वोच्च स्कोर भी दर्ज हो गया। इस बीच उन्होंने जॉयलॉर्ड गम्बी के साथ मिलकर 97 रन की उम्दा साझेदारी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। आइए उनकी पारी और टेस्ट आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी 

ऐसी रही प्रिंस की पारी

जिम्बाब्वे की ओर से पारी की शुरुआत करने आए प्रिंस ने आयरलैंड के तेज गेंदबाजों का डटकर सामना किया। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने विपक्षी गेंदबाजों को अपना विकेट आसानी से नहीं दिया। प्रिंस ने 97 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 152 गेंदों का सामना करते हुए 74 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें कर्टिस कैम्फर ने अपना शिकार बनाया। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके भी लगाए।

आंकड़े 

प्रिंस ने खेली अपनी सर्वोच्च पारी 

प्रिंस ने 2016 में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी। इस बल्लेबाज ने अब तक 9 टेस्ट खेले हैं, जिसकी 16 पारियों में 28.00 की औसत के साथ 420 रन बना लिए हैं। आज उन्होंने अपने टेस्ट करियर की सर्वोच्च पारी खेली है। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 65 रन रहा था। अपने युवा टेस्ट करियर में वह 2 पारियों में शून्य पर भी आउट हुए हैं।

आंकड़े 

प्रिंस ने लगाया अपने प्रथम श्रेणी करियर का 32वां अर्धशतक लगाया

यह प्रिंस के प्रथम श्रेणी करियर का 32वां अर्धशतक रहा। उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में अब तक 115 मैच खेले हैं, जिसमें लगभग 30 की औसत के साथ 5,589 रन बनाए। उन्होंने 32 अर्धशतक के अलावा 9 अर्धशतक भी लगाए हैं। इस प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 166 रन रहा है। बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने वाले प्रिंस ने 39.08 की औसत के साथ 84 विकेट भी लिए हैं।

गम्बी

जॉयलॉर्ड गम्बी अपने पहले अर्धशतक से चूके 

जिम्बाब्वे की ओर से टेस्ट प्रारूप में अपना पहला मैच खेल रहे जॉयलॉर्ड गम्बी ने प्रभावित किया। वह अपनी डेब्यू पारी में अर्धशतक बनाने से चूक गए और 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें बैरी मैकार्थी ने पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके भी लगाए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे की ओर से 12 वनडे मैच और 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल लिए हैं।