आयरलैंड बनाम अफगानिस्तान: सेदीकुल्लाह अटल ने वनडे में अपना दूसरा शतक लगाया, जानिए उनके आंकड़े
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बल्लेबाजों ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के चौथे वनडे में शानदार प्रदर्शन किया है। बेलफास्ट वनडे में मेहमान टीम से इब्राहिम जादरान (107) के बाद अब सेदीकुल्लाह अटल (143) ने भी शतक लगाने में सफलता हासिल की। यह अटल के वनडे करियर का दूसरा ही शतक साबित हुआ। अपनी इस पारी के दौरान अटल और जादरान ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 200+ रन जोड़े। आइए उनकी पारी के बारे में जानते हैं।
सेदीकुल्लाह अटल
सेदीकुल्लाह अटल ने 96 गेंदों में पूरा किया शतक
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानी टीम को 16 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा।
इसके बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए अटल ने पारी को संभाला।
धीमे अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 63 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
इसके बाद उन्होंने अपनी रन गति में इजाफा किया और 96 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 143 रन की पारी खेलकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए।
साझेदारी
अटल और जादरान ने की अफगानिस्तान से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी
अटल और जादरान ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 220 गेंदों में 231 रन की साझेदारी की।
यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में अफगानिस्तान की ओर से किसी भी विकेट की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है।
इस सूची में रहमानुल्लाह गुरबाज और जादरान के बीच बांग्लादेश के खिलाफ 256 रन (2023) की साझेदारी शीर्ष पर है।
दूसरे स्थान पर मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई के बीच 242 रन की साझेदारी (बनाम श्रीलंका, 2024) है।
पारी
जादरान ने लगाया अपना 7वां वनडे शतक
जादरान ने अपने वनडे करियर का कुल 7वां शतक लगाया।
इस दौरान उन्होंने अपने वनडे करियर में 2,000 रन भी पूरे किए।
क्रिकइंफो के अनुसार, जादरान ने 45 मैचों की 45 पारियों में 2,000 वनडे रन पूरे करके संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया। वह इस मामले में भारत के शुभमन गिल (38 पारियां) और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (40 पारियां) से ही पीछे हैं।
जानकारी
ऐसा है अटल का वनडे करियर
अटल ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 2024 में की थी। अब तक उन्होंने 17 मैचों की 16 पारियों में 600 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल हैं।