आयरलैंड बनाम अफगानिस्तान: इब्राहिम जादरान ने लगाया अपना 7वां वनडे शतक, 2,000 रन भी पूरे किए
क्या है खबर?
अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान ने आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ चौथे वनडे मैच में बेहतरीन शतकीय पारी (107) खेली। यह उनके वनडे करियर का कुल 7वां शतक साबित हुआ। इस दौरान उन्होंने अपने वनडे करियर में 2,000 रन भी पूरे किए। वह अफगानिस्तान की ओर से सबसे कम पारियों में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बने हैं। आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
शानदार रही जादरान की पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानी टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज के रूप में पहला झटका लगा।
उन्होंने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
इस बीच उन्होंने सेदीकुल्लाह अटल के साथ मिलकर दोहरी शतकीय साझेदारी की।
एक छोर से निरंतर रन बनाते हुए उन्होंने 107 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
जादरान शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने इस सीरीज के दूसरे वनडे में 84 रन बनाए थे।
आंकड़े
जादरान ने पूरे किए तीसरे सबसे तेज 2,000 वनडे रन
क्रिकइंफो के अनुसार, जादरान ने 45 मैचों की 45 पारियों में 2,000 वनडे रन पूरे करके संयुक्त रूप से तीसरे सबसे तेज बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड बनाया।
वह इस मामले में भारत के शुभमन गिल (38 पारियां) और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला (40 पारियां) से ही पीछे हैं।
इस बीच,जादरान ने जहीर अब्बास, केविन पीटरसन, बाबर आजम और रैसी वैन डेर डुसेन के रिकॉर्ड की बराबरी की। इन बल्लेबाजों ने भी 45-45 पारियों में 2,000 रन पूरे किए थे।
जानकारी
जादरान ने आयरलैंड के खिलाफ अपना पहला शतक लगाया
जादरान ने आयरलैंड के खिलाफ वनडे में अपना पहला शतक लगाया है। आयरिश टीम के विरुद्ध इस अफगानी बल्लेबाज ने अपनी 5 पारियों में 250+ रन बनाए हैं।
करियर
शानदार चल रहा है जादरान का वनडे करियर
जादरान ने 2019 में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर की शुरुआत की।
वह अपनी टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर सामने आए हैं।
उन्होंने अब तक 45 वनडे में लगभग 50 की उम्दा औसत के साथ 2,000 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 7 शतक और 10 अर्धशतक अपने नाम किए हैं। वनडे प्रारूप में उनका सर्वोच्च स्कोर 177 रन रहा है।
साझेदारी
जादरान ने अटल के साथ की बड़ी साझेदारी
अटल और जादरान ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 220 गेंदों में 231 रन की साझेदारी की।
यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में अफगानिस्तान की ओर से किसी भी विकेट की तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इस सूची में रहमानुल्लाह गुरबाज और जादरान के बीच बांग्लादेश के खिलाफ 256 रन (2023) की साझेदारी शीर्ष पर है।
दूसरे स्थान पर मोहम्मद नबी और अजमतुल्लाह उमरजई के बीच 242 रन की साझेदारी (बनाम श्रीलंका, 2024) है।