ईरानी कप: ऋषभ पंत की कप्तानी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर को हराकर जीता खिताब
क्या है खबर?
ईरानी कप 2026 के फाइनल में ऋषभ पंत की कप्तानी में रेस्ट ऑफ इंडिया ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम को 167 रन से हराया। श्रीनगर में खेले गए मैच में जीत के लिए मिले 279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी सिर्फ 111 रन पर सिमट गई। रेस्ट ऑफ इंडिया के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी को समेटने में अहम भूमिका निभाई। आइए मैच के बारे में जानते हैं।
फाइनल
इस तरह से जीती रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम
शेर-ऐ-कश्मीर स्टेडियम में रेस्ट ऑफ इंडिया ने अपनी पहली पारी में 237 रन बनाए, जिसमें शिखर मोहन (60) और स्मरण रविचंद्रन (68) ने अर्धशतक लगाए।
इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम ने कप्तान पारस डोगरा (75) के अर्धशतक की मदद से 278 रन बनाए।
पहली पारी के आधार पर पिछड़ने के बाद रेस्ट ऑफ इंडिया ने रविचंद्रन के शतक (135) की मदद से 319 रन बनाए।
मैच की चौथी पारी में जम्मू-कश्मीर 111 रन पर ढेर हुई।
नायक
जीत के नायक रहे स्मरण रविचंद्रन
रविचंद्रन ने अपनी पहली पारी में 83 गेंदों में 68 रन बनाए। उन्होंने अपनी दूसरी पारी में 153 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 16 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
उन्होंने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 19 मैचों में 70.26 की औसत के साथ 1,616 रन बनाए।
इस बीच उन्होंने 227* सर्वोच्च स्कोर के साथ 6 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं।
उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मुकेश
मुकेश कुमार ने मैच में लिए कुल 8 विकेट
मुकेश ने जम्मू-कश्मीर की पहली पारी के दौरान 84 रन देते हुए 2 विकेट लिए। इसके बाद मैच की चौथी पारी में उन्होंने 10.4 ओवर में 33 रन देते हुए 6 विकेट चटकाए। उन्होंने एक मेडन ओवर भी किया।
मुकेश ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 10वीं बार 5 विकेट हॉल लिया है।
उन्होंने अपने करियर में अब तक 22.07 की औसत के साथ 234 विकेट अपने नाम किए हैं।
पंत
फाइनल में खराब रहा कप्तान पंत का प्रदर्शन
रेस्ट ऑफ इंडिया की कप्तानी करने वाले पंत ने फाइनल में निराशाजनक प्रदर्शन किया। वह अपनी पहली पारी में सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद अपनी दूसरी पारी में भी सिर्फ 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वह नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके।
टीम के प्रमुख बल्लेबाज सरफराज खान ने अपनी पहली पारी में 45 रन बनाए। हालांकि, वह अपनी दूसरी पारी में खाता भी नहीं खोल सके।