Page Loader
IPL: विराट कोहली के हैरान करने वाले रिकॉर्ड्स, जो शायद कम लोग ही जानते हैं 
IPL 2025 में RCB से खेलेंगे कोहली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: विराट कोहली के हैरान करने वाले रिकॉर्ड्स, जो शायद कम लोग ही जानते हैं 

Mar 20, 2025
04:28 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने अभियान की शुरुआत 22 मार्च से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मुकाबले से करेगी। RCB अब तक उन चुनिंदा टीम में शुमार हैं, जिसने इस लीग का खिताब नहीं जीता है। पहले संस्करण से टीम के साथ जुड़े हुए विराट कोहली एक बार फिर अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे। इस बीच उनके ऐसे रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं, जिसके बारे में लोग कम ही जानते होंगे।

#1 

बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं कोहली 

कोहली 2013 से 2021 के बीच पूर्णकालिक कप्तान के रूप में RCB के लिए खेले। वह कप्तान के रूप में सबसे अधिक IPL रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 143 मैचों में कप्तानी करते हुए 41.96 की उल्लेखनीय औसत से 4,994 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 शतक भी अपने नाम किए हैं। उनके बाद इस सूची में महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने 39.82 की औसत से 4,660 रन बनाए थे।

#2 

एक स्टेडियम में 3,000 से अधिक रन वाले इकलौते बल्लेबाज 

कोहली अपने घरेलू मैदान बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। IPL में उन्होंने इस मैदान पर अब तक 89 मैच खेले हैं, जिसकी 86 पारियों में 3,040 रन बनाए हैं। वह एक मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने IPL में अपने 4 शतक भी इसी मैदान पर लगाए हैं। MI के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा वानखेड़े स्टेडियम में 2,295 रनों के साथ कोहली से पीछे हैं।

#3 

सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले खिलाड़ी हैं कोहली 

कोहली दिग्गज बल्लेबाज के साथ-साथ विश्व स्तरीय फील्डर भी हैं। उन्होंने IPL में अब तक 114 कैच लिए हुए हैं। वह इस लीग में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले खिलाड़ी हैं। गौरतलब हो कि कोहली के बाद दूसरे सर्वाधिक कैच सुरेश रैना (109) ने लिए हुए हैं। कोहली और रैना के अलावा किरोन पोलार्ड, रोहित और रविंद्र जडेजा ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने IPL में 100 या उससे ज्यादा कैच लिए हुए हैं।

#4 

कोहली के ने दिलचस्प रिकॉर्ड 

कोहली दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाजों (IPL) में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। वह 4,352 रनों के साथ केवल धवन, वार्नर और क्रिस गेल से पीछे हैं, जो सभी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उनके बाद इस सूची में केएल राहुल (4,183) हैं। IPL में भारतीयों खिलाड़ियों के बीच कोहली को दूसरे सबसे अधिक प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार (18) हैं। भारतीय खिलाड़ियों में रोहित (19) उनसे आगे हैं।