IPL में 2028 से होगी 12 टीमें, इन शहरों की बन सकती हैं फ्रेंचाइजी- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 2028 सत्र से विस्तार हो सकता है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) कम से कम 2 नई फ्रेंचाइजी जोड़ने की संभावनाओं पर विचार कर रहा है। मिंट में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुणे और वडोदरा नई टीमों के संभावित केंद्र हो सकते हैं। ऐसे में अब 12 टीम खेलते हुए दिख सकती है। हालांकि, इस संबंध में बातचीत शुरुआती दौर में है और अंतिम फैसला होने तक शहरों के नाम बदल भी सकते हैं।
टीम
9,392 करोड़ रुपये में हो सकता है टीमों का मूल्यांकन
IPL के विस्तार की योजना 2028 से 2032 तक के अगले मीडिया अधिकार चक्र के साथ शुरू हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्येक नई फ्रेंचाइजी का मूल्यांकन करीब 9,392 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है।
नई टीमों को खरीदने के लिए देश के बड़े कारोबारी समूहों के अलावा अंतरराष्ट्रीय निवेश कंपनियों ने भी दिलचस्पी दिखाई है।
इससे IPL के व्यावसायिक मूल्य में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
निवेशक
बड़े निवेशक दिखा रहे हैं दिलचस्पी
मिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, नई IPL टीमों में निवेश के लिए कई बड़े निवेशक दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
इनमें निजी इक्विटी कंपनी पर्मिरा, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, एशियाई देशों की सरकारी निवेश संस्थाएं, अमेरिका के फैमिली ऑफिस और भारत के प्रमुख कारोबारी समूह शामिल हैं।
इसके अलावा, कई अमीर व्यक्ति भी संभावित निवेश पर विचार कर रहे हैं।
इनमें प्रस्तावित फ्रेंचाइजी में छोटी हिस्सेदारी खरीदने में भी निवेशक दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
कारण
इस कारण वडोदरा का नाम आया सामने
IPL के संभावित नए केंद्र के रूप में वडोदरा का नाम सामने आना गुजरात को खेलों का बड़ा केंद्र बनाने की व्यापक कोशिशों से जुड़ा है।
वडोदरा अहमदाबाद से करीब 110 किलोमीटर दूर है, जहां गुजरात टाइटंस (GT) अपने घरेलू मुकाबले खेलती है।
केंद्र सरकार ने भी अंतरराष्ट्रीय खेल सुविधाओं के विकास को लेकर अहमदाबाद की महत्वाकांक्षाओं को रेखांकित किया है।
यह भारत की 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की दावेदारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
टीम
पहले भी रह चुकी है पुणे की टीम
वहीं, पुणे का क्रिकेट से पुराना नाता रहा है। यह शहर पहले भी 2 आईपीएल फ्रेंचाइजी का घरेलू मैदान रह चुका है।
साहारा समूह के स्वामित्व वाली पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक IPL में हिस्सा लिया था।
हालांकि, फ्रेंचाइजी फीस को लेकर BCCI के साथ वित्तीय मतभेदों के कारण टीम ने बाद में प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया।
इसके बाद पुणे ने 2016 और 2017 में 2 सत्र तक राइजिंग पुणे सुपरजायंट की मेजबानी की।