IPL: इन गैर-सलामी बल्लेबाजों ने एक सीजन में 650+ रन बनाए
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में किसी एक सीजन में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम पर दर्ज है। RCB के दिग्गज ने 2016 के सीजन में 973 रन बनाए थे। उस सीजन में कोहली ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेला था। पारी की शुरुआत करते हुए बल्लेबाजों के पास रन बनाने के ज्यादा मौके होते हैं। इस बीच उन गैर-सलामी बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं, जो एक सीजन में 650+ रन बना चुके हैं।
#1
सूर्यकुमार यादव (717 रन, 2025)
MI के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव IPL 2025 के 'मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर' बने थे। उन्होंने बल्ले से पिछले संस्करण में कमाल का प्रदर्शन किया था। हालांकि, वह अपनी टीम को ट्रॉफी नहीं दिला पाए थे। उनके बल्ले से 16 मुकाबलों में 65.18 की औसत और 167.91 की स्ट्राइक रेट से 717 रन निकले थे। उन्होंने इस दौरान 5 अर्धशतक लगाए और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 73* रन रहा था।
#2
एबी डिविलियर्स (687 रन, 2016)
इस सूची में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मध्यक्रम बल्लेबाज एबी डिविलियर्स दूसरे पायदान पर हैं। उन्होंने IPL 2016 में खेले कुल 16 मैचों में 52.84 की औसत और 168.79 की स्ट्राइक रेट के साथ 687 रन अपने नाम किए थे। उस संस्करण में वह 1 शतक के साथ 6 अर्धशतक भी जड़ने में सफल रहे थे और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 129 रन का रहा है। उस दौरान उन्होंने कुल 57 चौके और 37 छक्के भी जड़े थे।
#3
ऋषभ पंत (684 रन, 2018)
इस सूची में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत तीसरे नंबर पर काबिज हैं। उन्होंने IPL 2018 में खेले कुल 14 मैचों में 52.61 की औसत और 173.60 की स्ट्राइक रेट के साथ 684 रन अपने नाम किए थे। उस संस्करण में वह 1 शतक के साथ 5 अर्धशतक भी जड़ने में सफल रहे थे और उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नाबाद 128 रन का रहा है। उस दौरान उन्होंने कुल 68 चौके और 37 छक्के भी जड़े थे।