Page Loader
IPL: बतौर कप्तान एक सीजन में 30 या अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
बतौर कप्तान एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगा चुके हैं कोहली (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: बतौर कप्तान एक सीजन में 30 या अधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी

May 16, 2025
04:17 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के बचे हुए मैच 17 मई से खेले जाएंगे। मौजूदा संस्करण अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है। कुछ कप्तान अपने प्रदर्शन से टीम की सफलता में योगदान देते हैं। इस संस्करण में भी कुछ कप्तानों ने बल्लेबाजी में कमाल किया है। PBKS के श्रेयस अय्यर और GT के शुभमन गिल प्रमुख उदाहरण है। इस बीच एक सीजन में 30 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।

#1 

विराट कोहली (38 छक्के, 2016)

IPL 2016 में विराट कोहली ने RCB की कप्तानी करते हुए 16 पारियों में 81.08 की औसत के साथ 973 रन बनाए थे। उन्होंने 4 शतक और 7 अर्धशतक लगाए थे। उस सीजन में कोहली ने 38 छक्के भी लगाए थे। कोहली की कप्तानी में RCB की टीम उस संस्करण में उपविजेता रही थी। खिताबी मुकाबले में उन्हें सनराइजर्स (SRH) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

#2 

डेविड वार्नर (31 छक्के, 2016)

IPL 2016 में SRH की कप्तानी करते हुए डेविड वार्नर ने 31 छक्के और 88 चौके लगाए थे। उस संस्करण में पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 17 पारियों में 60.57 की औसत और 151.42 की स्ट्राइक रेट के साथ 848 रन बनाए थे। वह कोहली के बाद दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उनके उम्दा प्रदर्शन के ही चलते SRH ने खिताब पर कब्जा जमाया था।

#3 

महेंद्र सिंह धोनी (30 छक्के, 2018) 

IPL 2018 का खिताब चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में जीता था। धोनी ने उस संस्करण में कप्तानी करते हुए 15 पारियों में 75.83 की औसत और 150.66 की स्ट्राइक रेट के साथ 455 रन बनाए थे। उन्होंने 79* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए थे। धोनी ने उस संस्करण में कुल 30 छक्के और 24 अर्धशतक भी लगाए थे।

#4 

केएल राहुल (30 छक्के, 2021 और 2022)

IPL 2021 में PBKS की कप्तानी करते हुए केएल राहुल ने 13 पारियों में 62.60 की औसत और 138.80 की स्ट्राइक रेट के साथ 626 रन बनाए थे। उन्होंने 30 छक्के और 48 चौके लगाए थे। अगले ही सीजन में LSG का नेतृत्व करते हुए उन्होंने 15 पारियों में 51.33 की औसत और 135.38 की स्ट्राइक रेट से 616 रन बनाए थे। उन्होंने 30 छक्के और 45 छक्के लगाए थे।