IPL: इन मैचों में शीर्षक्रम के 6 बल्लेबाज मिलकर 10 रन भी नहीं बना सके
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कई मैचों में 200 रन के आंकड़े पार हुए हैं। इस सीजन में ज्यादातर मैचों में बड़े स्कोर देखने को मिल रहे हैं। हालांकि, 39वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम सिर्फ 75 रन पर सिमट गई। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में DC के शीर्षक्रम के 6 बल्लेबाज मिलकर 10 रन भी नहीं बना सके। इस बीच शीर्षक्रम के खराब प्रदर्शन वाले ऐसे मैचों के बारे में जानते हैं।
#1
दिल्ली कैपिटल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (IPL 2026)
RCB की घातक गेंदबाजी के सामने DC ने शुरुआती 6 ओवर में सिर्फ 13 रन बनाए और उनके 6 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इस बीच साहिल परख (0), समीर रिजवी (0), केएल राहुल (1), नितीश राणा (1), ट्रिस्टन स्टब्स (5) और अक्षर पटेल (0) आउट हुए। जोश हेजलवुड की अविश्वनसीय गेंदबाजी (4/12) के सामने DC की टीम 75 रन पर सिमट गई। जवाब में RCB ने एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल किया।
जानकारी
DC ने पावरप्ले का सबसे कम स्कोर बनाया
IPL में DC के नाम पावरप्ले के सबसे कम स्कोर (13/6) का अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया। DC ने राजस्थान रॉयल्स (RR) का पिछला रिकॉर्ड (14/2 बनाम RCB, 2009) तोड़ा।
#2
कोच्चि टस्कर्स बनाम डेक्कन चार्जर्स (IPL 2011)
IPL 2011 के 32वें मैच में कोच्चि टस्कर्स के बल्लेबाजों ने शर्मनाक प्रदर्शन किया था। डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ जीत के लिए मिले 130 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोच्चि के शीर्षक्रम के 6 बल्लेबाजों ने मिलकर सिर्फ 4 रन बनाए थे। इस बीच ब्रेंडन मैकुलम, पार्थिव पटेल, राइफी गोमेज, ब्रैड हॉज, और केदार जाधव खाता भी नहीं खोल सके थे। कप्तान महेला जयवर्धने ने 4 रन बनाए थे। टस्कर्स की पारी 74 रन पर सिमटी थी।