Page Loader
IPL: महेंद्र सिंह धोनी का RCB के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?
RCB के खिलाफ लगभग 40 का रहा है महेंद्र सिंह धोनी का औसत (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL: महेंद्र सिंह धोनी का RCB के खिलाफ कैसा रहा है प्रदर्शन?

Apr 16, 2023
03:23 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 24वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से होना है। यह मुकाबला 17 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें CSK के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के प्रदर्शन पर सबकी नजरें रहने वाली हैं। धोनी अब तक लीग में अच्छी लय में नजर आए हैं। इस बीच उनके RCB के खिलाफ प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।

करियर 

बेमिसाल रहा है धोनी का IPL करियर 

धोनी ने अपने IPL करियर में अब तक 237 मैच खेले हैं, जिसकी 209 पारियों में लगभग 40 की औसत और 135.77 की स्ट्राइक रेट से 5,036 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 84* के उच्चतम स्कोर के साथ 24 अर्धशतक जमाए हैं। वह अब तक लीग में 348 चौके और 235 छक्के भी जमा चुके हैं। वह IPL में इस समय सातवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं।

बनाम RCB 

RCB के विरुद्ध उम्दा रहे हैं धोनी के आंकड़े 

धोनी को बतौर बल्लेबाज RCB के विरुद्ध बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 33 मैचों में लगभग 40 की औसत और 140.84 की स्ट्राइक रेट के साथ 838 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने 84* के सर्वोच्च स्कोर के साथ 4 अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं। वह डेविड वार्नर (839) के बाद IPL में RCB के खिलाफ दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

धोनी vs rcb 

RCB के प्रमुख गेंदबाजों के खिलाफ धोनी का प्रदर्शन?

IPL में धोनी ने मोहम्मद सिराज के खिलाफ 28 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने 51 रन बटोरे हैं। इस बीच सिराज उन्हें आउट नहीं कर सके हैं। डेथ ओवर्स में गेंदबाजी करने वाले हर्षल पटेल के खिलाफ धोनी ने 32 गेंदों में 25 रन बनाए हैं। इस दौरान हर्षल ने 2 बार उन्हें आउट किया है। कर्ण शर्मा के विरुद्ध धोनी ने 29 गेंदों में 37 रन बनाए हैं। इस बीच वह आउट नहीं हुए हैं।

मौजूदा सीजन 

IPL 2023 में लय में दिखे हैं धोनी 

धोनी बतौर मैच फिनिशर CSK से खेलते हैं और उन्हें अब सीमित मौके मिले हैं। IPL 2023 में उन्होंने फिलहाल 3 पारियों में 58 रन बनाए हैं। गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ खेले मैच में उन्होंने 7 गेंदों में 14 रन बनाए थे। इसके बाद लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 3 गेंदों में 12 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी नहीं आई। राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ उन्होंने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए।