LOADING...
IPL: अरुण जेटली स्टेडियम में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज और उनके आंकड़े
केएल राहुल ने अरुण जेटली स्टेडियम पर 2 शतक जड़े हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: अरुण जेटली स्टेडियम में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज और उनके आंकड़े

May 07, 2026
06:41 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम हमेशा से बल्लेबाजों के लिए खास मैदान रहा है। यहां कई खिलाड़ियों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से फैंस का भरपूर मनोरंजन किया और बड़े स्कोर खड़े किए। हमेशा से इस मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात देखने को मिलती है, जिसके चलते कई यादगार पारियां भी खेली गई हैं। ऐसे में आइए इस मैदान पर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

केएल राहुल (152* रन)

दिल्ली कैपिटल्स (DC) के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने IPL 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 152* रन की धमाकेदार पारी खेली थी। उन्होंने 67 गेंदों का सामना कर ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 16 चौके और 9 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 226.87 की रही थी। हालांकि, इस शानदार प्रदर्शन के बावजूद DC को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

#2

क्रिस गेल और ऋषभ पंत (128* रन) 

दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 बल्लेबाज हैं। क्रिस गेल और ऋषभ पंत इस मैदान पर 128* रन की पारी खेल चुके हैं। गेल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए DC के खिलाफ IPL 2012 में ये रन बनाए थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 13 छक्के निकले थे। पंत ने DC के लिए खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 2018 में ये पारी खेली थी। उनके बल्ले से 15 चौके और 7 छक्के निकले थे।

Advertisement

#3

जोस बटलर (124 रन) 

IPL 2021 का 28वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और SRH के बीच दिल्ली में ही खेला गया था। RR की टीम का हिस्सा रहे जोस बटलर ने 124 रन की ताबड़तोड़ पारी खेल दी थी। उन्होंने 64 गेंदों का सामना किया था और उनके बल्ले से 11 चौके और 8 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 193.75 की थी। RR ने 220/3 का स्कोर बनाया। जवाब में SRH 165/8 रन ही बना पाई और मुकाबला 55 रन से हार गई।

Advertisement

#4

केएल राहुल (112* रन)

चौथे स्थान पर भी राहुल ही हैं। IPL 2025 में उन्होंने DC के लिए खेलते हुए गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ 112* रन की पारी खेली थी। उनके बल्ले से 14 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 172.30 की रही थी। DC ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199/3 का स्कोर बनाया था। जवाब में साई सुदर्शन (108*) और शुभमन गिल (93*) की पारियों के दम पर GT ने 10 विकेट से जीत हासिल कर ली थी।

Advertisement