Page Loader
IPL में ड्वेन ब्रावो के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 
ड्वेन ब्रावो ने गेंद और बल्ले दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है (तस्वीर: एक्स/@ChennaiIPL)

IPL में ड्वेन ब्रावो के बल्ले से निकली सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर 

Apr 11, 2024
07:14 pm

क्या है खबर?

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने टी-20 क्रिकेट में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उनकी बल्लेबाजी अच्छी रही है। उन्होंने IPL में 161 मैच खेले, जिसमें 22.61 की औसत के साथ 1,204 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 अर्धशतक भी जड़े हैं। इस लीग में उन्होंने कई बेहतरीन पारियां खेली। आइए IPL में उनकी सर्वश्रेष्ठ पारियों पर एक नजर डालते हैं।

#1

70* बनाम पंजाब- IPL 2009 

IPL 2009 में ब्रावो मुंबई इंडियंस (MI) की टीम का हिस्सा थे। सीजन का 42वां मुकाबला MI और किंग्स इलेवन पंजाब अब पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब ने 9 विकेट खोकर 119 रन बनाए थे। ब्रावो ने 2 ओवर गेंदबाजी की, लेकिन उन्हें विकेट नहीं मिला। बल्लेबाजी में उन्होंने 59 गेंद में 70* रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 3 छक्के निकले। MI को 8 विकेट से जीत मिली।

#2

68 बनाम MI- IPL 2018

IPL 2018 में ब्रावो चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की टीम का हिस्सा थे। सीजन के पहला मुकाबला CSK और MI के बीच खेला गया था। MI ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट खोकर 165 रन बनाए थे। दूसरी पारी में ब्रावो ने 30 गेंद का सामना किया और 68 रन जड़ दिए। उनके बल्ले से 3 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 226.66 की रही थी। CSK को मैच में 1 विकेट से जीत मिली थी।

#2

64 बनाम कोलकाता- IPL 2008

IPL 2008 का 16वां मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और MI के बीच खेला गया था। KKR ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट खोकर 137 रन बनाए थे। ब्रावो ने 4 ओवर गेंदबाजी की थी और सिर्फ 25 रन देकर 1 विकेट झटके थे। बल्लेबाजी में इस खिलाड़ी ने 53 गेंद का सामना किया और 64 रन बनाए। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला। MI को मैच में 7 विकेट से जीत मिली थी।

#4

62 बनाम राजस्थान रॉयल्स- IPL 2015 

IPL 2015 का 15वां मुकाबला CSK और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच खेला जा रहा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए CSK ने 4 विकेट खोकर 156 रन बनाए थे। ब्रावो ने 36 गेंद का सामना किया था और 62 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 1 छक्का निकला था। उनकी स्ट्राइक रेट 172.22 की रही थी। जवाब में RR ने सिर्फ 2 विकेट खोकर यह लक्ष्य प्राप्त कर लिया था। उन्हें 8 विकेट से जीत मिली थी।