Page Loader
IPL: देवदत्त पडिक्कल लखनऊ सुपर जाइंट्स के हुए, राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे आवेश खान 
देवदत्त पडिक्कल अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL: देवदत्त पडिक्कल लखनऊ सुपर जाइंट्स के हुए, राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलेंगे आवेश खान 

Nov 22, 2023
05:34 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के अलगे सीजन से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली का दौर शुरू हो गया है। स्टार बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ट्रेड स्वैप के जरिए राजस्थान रॉयल्स (RR) से लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) में चले गए हैं। इसी तरह तेज गेंदबाज आवेश खान LSG की जगह अब RR के के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। आवेश ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुरुवार से शुरू होने वाली टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं।

रिपोर्ट

पिछले सीजन बल्ले से औसत प्रदर्शन ही कर पाए पडिक्कल 

RR ने पडिक्कल के लिए 7.75 करोड़ रुपये खर्च कर उन्हें अपने दल में शामिल किया था। हालांकि, वह अपनी कीमत के साथ न्याय नहीं कर पाए थे और उन्होंने बल्ले से निराश ही किया था। वह IPL 2023 में 11 मैचों में 26.10 की औसत और 130.50 की स्ट्राइक रेट से केवल 261 रन ही बना पाए थे। इस दौरान वह 52 के उच्चतम स्कोर के साथ लीग में 2 अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे थे।

रिपोर्ट

लीग में तीसरी टीम के लिए खेलेंगे पडिक्कल 

LSG पडिक्कल के लिए तीसरी IPL फ्रेंचाइजी होगी। इस लीग में उन्होंने अपनी यात्रा अपने गृहनगर फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ शुरू की, जहां उन्होंने 2 सीजन (2020 और 2021) बिताए थे। पडिक्कल ने 57 IPL मैचों में 27.65 की औसत और 125.39 की स्ट्राइक रेट से 1,521 रन बनाए हैं। उन्होंने इस लीग में 101* के उच्चतम स्कोर के साथ 1 शतक और 9 अर्धशतक जमाए हैं।

रिपोर्ट

आवेश खान को गेंद से करना पड़ा था संघर्ष 

आवेश की स्थिति में लगभग पडिक्कल जैसी ही रही थी। LSG ने आवेश को मेगा नीलामी में पूरे 10 करोड़ रुपये खर्च कर अपने साथ जोड़ा था। आवेश अपने कद के मुताबिक प्रदर्शन करने में पूरी तरह से विफल रहे थे जिससे टीम को भी काफी नुकसान हुआ था। पिछले सीजन में वह 9 मैचों में 35.28 की औसत और 9.76 की इकॉनमी रेट से केवल 8 विकेट ही ले पाए थे।

रिपोर्ट

2021 और 2022 में दमदार रहा था आवेश का प्रदर्शन 

आवेश के लिए दिल्ली कैपिटल्स (DC) में डेब्यू करने के बाद RR तीसरी फ्रेंचाइजी होगी। IPL 2021 में वह 18.75 के औसत से 24 विकेट के साथ टूर्नामेंट में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। मेगा नीलामी से पहले DC द्वारा उन्हें रिलीज करने के बाद उन्हें LSG ने खरीदा था। 2022 सीजन में वह LSG के सबसे अधिक विकेट (18) लेने वाले गेंदबाज रहे थे। ओवरऑल IPL करियर में उन्होंने 47 मैचों में 55 विकेट लिए हैं।

रिपोर्ट

19 दिसंबर को दुबई में होगी खिलाड़ियों की नीलामी 

इस महीने की शुरुआत में LSG द्वारा रोमारियो शेफर्ड को मुंबई इंडियंस (MI) के साथ ट्रेड करने के बाद यह 2024 सीजन से पहले अब तक का केवल दूसरा ट्रेड है। IPL ने फ्रेंचाइजी के लिए अपनी रिटेंशन सूची की घोषणा करने के लिए 26 नवंबर की समय सीमा तय कर रखी है। 2024 में होने वाले IPL के सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 19 दिसंबर को दुबई में होनी प्रस्तावित है।