IPL 2027: हार्दिक के ट्रेड पर MI-KKR में पेच, इन खिलाड़ियों के फैसले पर टिकी निगाहें
क्या है खबर?
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 की नीलामी से पहले मुंबई इंडियंस (MI) के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को ट्रेड करने की कोशिश में जुटी है। हालांकि, MI की मांग इस सौदे में बड़ी बाधा बन रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, 5 बार की चैंपियन MI ने हार्दिक के बदले तेज गेंदबाज हर्षित राणा और युवा विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी को मांगा है। वहीं, KKR अपने कुछ खिलाड़ियों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
अलग
इन खिलाड़ियों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं KKR
KKR हार्दिक के बदले सुनील नरेन और वरुण चक्रवर्ती के अलावा फिनिशर और उपकप्तान रिंकू सिंह को छोड़ने के लिए तैयार नहीं है।
वहीं, कैमरून ग्रीन के भी इस ट्रेड का हिस्सा बनने की संभावना कम है। इसकी वजह यह है कि कार्यभार प्रबंधन के चलते वह IPL के कितने मुकाबलों में खेलेंगे यह स्पष्ट नहीं है।
शुरुआती बातचीत में KKR ने हार्दिक को लेकर ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। इसके पीछे उनकी फिटनेस और चोटों को लेकर चिंताएं थीं।
मांग
MI की है ये मांग
MI ने हार्दिक के बदले हर्षित और रघुवंशी को मांगा है। हर्षित और रघुवंशी का प्रदर्शन अब तक इस लीग में अच्छा रहा है।
हालांकि, अभी तकयह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि KKR हार्दिक के लिए इन दोनों खिलाड़ियों को छोड़ने को तैयार है या नहीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच अगले सप्ताह बातचीत फिर शुरू हो सकती है। इस सौदे में रघुवंशी को लेकर KKR का रुख निर्णायक होगा। यहीं फैसला रूका हुआ है।
अन्य
अन्य टीमों की क्या है स्थिति?
हार्दिक को ट्रेड करने की चर्चा में राजस्थान रॉयल्स (RR) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) भी शामिल हो गई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, MI ने RR से यशस्वी जायसवाल और रवि बिश्नोई को मांगा था, लेकिन इस बातचीत में ज्यादा प्रगति नहीं हुई।
वहीं, CSK के साथ संभावित सौदे में MI ने प्रतिभाशाली बल्लेबाज आयुष म्हात्रे को मांगा था, लेकिन CSK ने इस मांग को सिरे से खारिज कर दिया।