IPL 2027: हार्दिक के ट्रेड पर जल्द लगेगी मुहर, सूर्यकुमार को लेकर MI का बड़ा फैसला
क्या है खबर?
मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान हार्दिक पांड्या के ट्रेड को लेकर बातचीत अब निर्णायक दौर में पहुंच गई है। इस बीच MI ने सूर्यकुमार यादव को किसी दूसरे खिलाड़ी के साथ बदलने की संभावना को पूरी तरह खारिज कर दिया है। पिछले कुछ समय से कई मीडिया रिपोर्ट्स में हार्दिक के ट्रेड के साथ सूर्यकुमार को लेकर भी अदला-बदली की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, MI ने इन खबरों पर अपना रुख साफ कर दिया है।
सूत्र
MI की ओर से क्या कहा गया?
MI के सूत्रों ने क्रिकबज से साफ कहा है कि सूर्यकुमार ट्रेड के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
उनके मुताबिक, इस संबंध में न तो कोई बातचीत हुई है और न ही भविष्य में ऐसी कोई संभावना है।
हालांकि, हार्दिक और पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के संभावित ट्रेड पर MI ने कुछ भी कहने से परहेज किया है।
वहीं, PBKS के सूत्रों ने भी इस संभावना को खारिज नहीं किया है।
राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स भी ट्रेड में हो सकती है शामिल
राजस्थान रॉयल्स (RR) भी इस ट्रेड प्रक्रिया में शामिल हो सकती है। इसमें यशस्वी जायसवाल और रवि बिश्नोई के नामों पर चर्चा होने की संभावना है।
हालांकि, MI का प्रबंधन ऐसे किसी प्रस्ताव में खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है, जिसमें कोई प्रमुख तेज गेंदबाज शामिल न हो।
RR के जोफ्रा आर्चर को ट्रेड करने पर चर्चा की संभावना कम है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि MI ने इस गेंदबाज को अपने साथ जोड़ने की मांग की है।
कारण
इस कारण एक तेज गेंदबाज चाहती है MI की टीम
अब तक ऐसी धारणा थी कि MI एक बल्लेबाज और गेंदबाज की तलाश में है। हालांकि, अब खबर सामने आई है कि टीम ट्रेड के जरिए किसी तेज गेंदबाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर सकती है।
इसकी एक बड़ी वजह पिछले सत्र में ट्रेंट बोल्ट और दीपक चाहर का उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाना है।
ऐसे में MI अपनी गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए तेज गेंदबाज पर दांव लगा सकती है।
PBKS
क्या PBKS जाएंगे हार्दिक?
एक समय हार्दिक के बदले से हर्षित राणा और एक बल्लेबाज को लेकर बातचीत हुई थी, लेकिन KKR तेज गेंदबाज को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी।
अर्शदीप MI की मौजूदा जरूरतों पर खरे उतर सकते हैं। दोनों टीमों के बीच संभावित अदला-बदली को लेकर चर्चा भी हुई है।
हालांकि, इस सौदे में हार्दिक की अपनी पसंद अहम भूमिका निभा सकती है। उन्हें कप्तानी मिलना तय नहीं है। वहीं, RR में उन्हें यह जिम्मेदारी मिल सकती है।