IPL 2027 से पहले पंजाब किंग्स में बड़ा बदलाव, 2 अहम सदस्यों ने छोड़ा साथ
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले पंजाब किंग्स (PBKS) के सहयोगी स्टाफ में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम को सिर्फ सैराज बहुतुले के विकल्प की तलाश नहीं है, बल्कि 2 अन्य कोचों ने भी इस्तीफा दे दिया है। ऑस्ट्रेलिया के ब्रैड हेडिन और जेम्स हॉप्स अब टीम के साथ नहीं होंगे। हेडिन बतौर फील्डिंग कोच, जबकि हॉप्स तेज गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब PBKS को कम से कम 3 नए कोच नियुक्त करने होंगे।
कारण
इस कारण दोनों ने छोड़ा टीम का साथ
क्रिकबज के मुताबिक, दोनों कोचों ने हाल ही में PBKS प्रबंधन को अपने फैसले की जानकारी दी।
इसके बाद फ्रेंचाइजी ने उनके विकल्प तलाशने शुरू कर दिए हैं। माना जा रहा है कि दोनों को बिग बैश लीग (BBL) में नई जिम्मेदारियां मिल गई हैं।
नए सहयोगी स्टाफ के चयन की जिम्मेदारी मुख्य कोच रिकी पोंटिंग पर है।
सूत्रों का कहना है कि PBKS नीलामी से पहले दिसंबर के मध्य तक नए कोचों के नाम तय कर सकती है।
करीबी
पोंटिग के साथ दिल्ली से पंजाब आए थे हॉप्स
हॉप्स को पोंटिंग का बेहद करीबी माना जाता है। वह कुछ सत्र पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) से PBKS आए थे। पोंटिग भी तब DC की टीम का हिस्सा थे।
वहीं, हेडिन पिछली प्रबंधन टीम के समय से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए थे, जिसकी अगुआई ट्रेवर बेलिस कर रहे थे।
PBKS प्रबंधन लगातार पोंटिंग के संपर्क में है। नए उम्मीदवारों को लेकर फैसला या उनके साक्षात्कार पोंटिंग से बातचीत के बाद ही शुरू किए जाएंगे।
नाम
PBKS दे सकता है पोंटिग को कुछ नाम
PBKS प्रबंधन नए कोचों के लिए कुछ नाम सुझा सकता है, लेकिन अंतिम फैसला मुख्य पोंटिंग ही करेंगे।
सूत्र के मुताबिक, नए सहयोगी स्टाफ के चयन की जिम्मेदारी पूरी तरह पोंटिंग पर होगी।
एक सूत्र ने कहा, "मुख्य कोच ही इस पर फैसला लेंगे।" बताया गया है कि फ्रेंचाइजी प्रबंधन इस मामले में पोंटिंग के साथ लगातार संपर्क में है।
हालांकि, इस संबंध में पूछे गए सवाल पर पोंटिंग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्पिन
स्पिन कोच ने भी छोड़ दिया है PBKS का साथ
बहुतुले ने IPL 2026 के तुरंत बाद PBKS से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उन्होंने गौतम गंभीर की अगुआई वाली भारतीय टीम में स्पिन गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली थी।
राजस्थान रॉयल्स (RR) के पूर्व सदस्य बहुतुले IPL-19 से पहले PBKS के साथ जुड़े थे।
उन्होंने सुनील जोशी की जगह ली थी, जिन्होंने बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में स्पिन गेंदबाजी कोच की जिम्मेदारी संभाली है।
PBKS की टीम IPL 2026 में प्लेऑफ में भी नहीं पहुंची थी।