IPL 2026: क्या फिलिप सॉल्ट RCB की ओर से फाइनल मुकाबला खेल पाएंगे?
क्या है खबर?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के फाइनल के लिए पूरी तरह से तैयार है। मौजूदा चैंपियन टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की उम्मीद कर रही है। अब तक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) ही ऐसा कर पाई है। हालांकि, इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज फिलिप सॉल्ट की उपलब्धता को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं।
चोट
क्या उंगली की चोट से उभर चुके हैं सॉल्ट
सॉल्ट टूर्नामेंट की शुरुआत में लगी उंगली की चोट से उबर चुके हैं। उन्हें को 18 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच में फील्डिंग करते समय बाएं हाथ में चोट लग गई थी। स्कैन और पुनर्वास के लिए वह इंग्लैंड लौट गए थे और लगभग एक महीने तक प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर रहने के बाद हाल ही में RCB टीम में वापस लौटे हैं। क्वालीफायर-1 से पहले कप्तान रजत पाटीदार ने उनके फिट होने की पुष्टि की थी।
संकेत
सॉल्ट ने शुरू किया प्रशिक्षण
वापसी के बाद से सॉल्ट ने पूरी तरह से प्रशिक्षण शुरू कर दिया है और अभ्यास सत्रों में सक्रिय रूप से भाग लिया है। इससे पता चलता है कि वह चयन के लिए शारीरिक रूप से तैयार हैं। हालांकि, फिट घोषित होने के बावजूद RCB ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ उच्च दबाव वाले क्वालीफायर-1 मुकाबले में उन्हें मौका नहीं दिया था। इसके बजाय, उन्होंने विराट कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर को ओपनिंग में मौका देना उचित समझा था।
सवाल
क्या फाइनल मुकाबले में सॉल्ट को मिलेगी जगह?
फिलहाल, सॉल्ट पूरी तरह फिट हैं और फाइनल मुकाबले में चयन के लिए उपलब्ध हैं। हालांकि, उन्हें प्लेइंग इलेवन में सीधे शामिल किया जाएगा या नहीं, यह RCB प्रबंधन का रणनीतिक निर्णय रहेगा। शीर्ष क्रम पर उनका आक्रामक रवैया फाइनल में निर्णायक साबित हो सकता है, खासकर अहमदाबाद की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर। हालांकि, वेंकटेश ने इस सीजन में मिले सीमित मौकों में अच्छा प्रदर्शन किया है और 184.37 के स्ट्राइक रेट से 177 रन बनाए हैं।
संयोजन
सॉल्ट की वापसी से RCB के टीम संयोजन पर असर पड़ेगा?
क्वालीफायर-1 में सॉल्ट की अनुपस्थिति के कारण RCB को जोश हेजलवुड और जैकब डफी दोनों को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का मौका मिला। दोनों विदेशी तेज गेंदबाजों ने उच्च स्कोर वाले इस मैच में शानदार गेंदबाजी की, जिसमें डफी ने 3 विकेट लिए। चूंकि, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड RCB की प्लेइंग इलेवन में नियमित रूप से खेलने वाले अन्य विदेशी खिलाड़ी हैं, इसलिए सॉल्ट के शामिल होने से डफी को बेंच पर बैठना पड़ेगा।