IPL 2026: एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खूब चलता है विराट कोहली का बल्ला, जानिए शानदार आंकड़े
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) का आगाज 28 मार्च (शनिवार) से होगा। पहले मैच में IPL 2025 की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सामने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की चुनौती होगी। ऐसे में RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली पर सभी की नजरें होंगी। वह IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। ये मुकाबला एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां कोहली के आंकड़े कमाल के हैं। ऐसे में आइए उनपर एक नजर डाल लेते हैं।
आंकड़े
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऐसे हैं कोहली के आंकड़े
कोहली ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL के 94 मुकाबलों में 40.02 की शानदार औसत से 3,202 रन बनाए हैं। वह IPL इतिहास के इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक ही मैदान पर 3,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। वहीं, रोहित शर्मा ने वानखेड़े स्टेडियम में 2,451 रन बनाए हैं और कोहली के अलावा वह अकेले ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक ही मैदान पर 2,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। चिन्नास्वामी में कोहली की स्ट्राइक रेट 143.58 की रही है।
शतक
चिन्नास्वामी स्टेडियम में 4 शतक जड़ चुके हैं कोहली
कोहली के 8 IPL शतकों में से 4 चिन्नास्वामी स्टेडियम में आए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा इस मैदान पर सबसे ज्यादा है। क्रिस गेल, शुभमन गिल और डेविड वार्नर ही ऐसे अन्य खिलाड़ी हैं, जिन्होंने किसी एक मैदान पर 2 से ज्यादा शतक (3-3) लगाए हैं। कोहली ने इस मैदान पर 28 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं, जबकि कोई अन्य बल्लेबाज 19 बार भी एक मैदान पर ऐसा नहीं कर पाया है।
SRH
SRH के खिलाफ ऐसे हैं कोहली के आंकड़े
कोहली को SRH के खिलाफ बल्लेबाजी करना बेहद पसंद है। इस टीम के खिलाफ उन्होंने पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। उन्होने अब तक 24 मैच खेले हैं और इसकी 24 पारियों में 36.59 की औसत और 141.97 की स्ट्राइक रेट के साथ 805 रन बनाए हैं। इस बीच उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100 रन रहा है। SRH के खिलाफ उनसे ज्यादा रन सिर्फ संजू सैमसन (867) के हैं।
इतिहास
इस IPL इतिहास रच सकते हैं कोहली
कोहली ने अब तक खेले 267 मैचों की 259 पारियों में 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए हैं। वह इस सीजन में IPL इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन सकते हैं। उन्हें इस आंकड़े को छूने के लिए 339 रन की दरकार है। उन्होंने IPL 2025 में 657 रन बनाए थे। उनकी औसत 54.75 की रही थी। फिलहाल कोहली लीग में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।