IPL 2026: 28 मार्च से शुरू होगा टूर्नामेंट, 31 मई को खेला जाएगा फाइनल- रिपोर्ट
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन की तारीखों को ऐलान हो गया है। क्रिकइंफो के मुताबिक, IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से शुरू होगा और इसका फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। खबरों के मुताबिक, IPL गवर्निंग काउंसिल अगले हफ्ते मीटिंग करेगी ताकि शेड्यूल जारी करने के प्लान को फाइनल किया जा सके। बता दें कि कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसके चलते शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा में देरी हुई है।
शेड्यूल
अगले हफ्ते घोषित हो सकता है पूरा कार्यक्रम
ऐसी भी खबर है कि IPL के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अगले हफ्ते की जाएगी। असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों की तारीखें अभी तक घोषित नहीं हुई हैं। इन राज्यों में IPL के मैच खेले जाने हैं। इससे पहले 2009, 2014, 2019 और 2024 में चुनावों के समानांतर IPL के मुकाबले 2 भागों में खेले गए थे। ऐसी उम्मीद है कि गवर्निंग काउंसिल इस बार भी यही योजना रख सकती है।
मैच
कहां होगा पहला मैच?
यह अभी साफ नहीं है कि टूर्नामेंट का पहला मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा या नहीं। आम तौर पर IPL का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन के घरेलु मैदान पर होता है, लेकिन चिन्नास्वामी के भविष्य को लेकर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को राज्य सरकार से चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैच करने के लिए सशर्त मंजूरी मिल गई है।