LOADING...
IPL 2026: इन 5 विवादों के कारण चर्चा में रहा यह संस्करण
हेड से हुए थी कोहली की कहासुनी (तस्वीर: एक्स/@IPL)

IPL 2026: इन 5 विवादों के कारण चर्चा में रहा यह संस्करण

May 31, 2026
11:35 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अपने नाम किया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में RCB ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराया। यह RCB का लगातार दूसरा खिताब साबित हुआ। रजत पाटीदार सिर्फ तीसरे ऐसे कप्तान बने, जिन्होंने लगातार 2 बार ये ट्रॉफी जीतने में सफलता हासिल की है। इस सीजन में कुछ विवाद देखने को मिले। आइए उनके बारे में जानते हैं।

#1 

रियान पराग का वेपिंग विवाद

राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान रियान पराग गलत कारणों से चर्चा में आ गए थे। दरअसल, पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच के दौरान पराग को टीम के ड्रेसिंग रूम में इलेक्ट्रिक सिगरेट पीते हुए कैमरे में कैद किया गया था। यह वीडियो वायरल हो गया था। पराग पर आचार संहिता (COC) के अनुच्छेद 2.1 के तहत लेवल 1 का अपराध दर्ज किया गया और उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था।

#2 

RR के टीम मैनेजर ने डगआउट में किया फोन का इस्तेमाल 

पराग की घटना से कुछ दिन पहले RR टीम के मैनेजर रोमी भिंडर को टीम के डगआउट में फोन का इस्तेमाल करने के लिए दंडित किया गया था। उन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। हालांकि, वह प्रतिबंध से बच गए थे। BCCI की भ्रष्टाचार विरोधी और सुरक्षा इकाई (ACSU) ने मामले की जांच की थी। भिंडर ने अपनी सफाई में बताया था कि उनकी सेहत ठीक नहीं है, इसलिए उन्हें फोन इस्तेमाल करने की जरूरत पड़ती है।

Advertisement

#3 

बेंगलुरु से अहमदाबाद शिफ्ट हुआ फाइनल

IPL 2026 का फाइनल मैच चिन्नास्वामी स्टेडियम से बदलकर नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में शिफ्ट कर दिया गया था। BCCI के सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया था कि स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ आवश्यकताएं BCCI के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के बाहर थीं। ऐसे में आयोजन स्थल को स्थानांतरित कर दिया गया। बता दें कि कर्नाटक क्रिकेट संघ (KSCA) और स्थानीय सरकार ने BCCI से बहुत ज्यादा मुफ्त टिकट्स की मांग की।

Advertisement

#4 

अंगकृष रघुवंशी के विकेट पर भी उठा था विवाद 

LSG के खिलाफ मैच में KKR के अंगकृष रघुवंशी को 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' से आउट दिया गया था। KKR के कोच अभिषेक नायर, शेन वॉटसन और ड्वेन ब्रावो भी अंपायर के इस फैसले से नाखुश नजर आए थे। दरअसल, रघुवंशी आधा रन दौड़कर जब वापस क्रीज की तरफ दौड़ रहे थे, तब मोहम्मद शमी की थ्रो उन पर जा लगी। इसके बाद विपक्षी कप्तान ऋषभ पंत की अपील के बाद थर्ड अंपायर ने उन्हें 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' करार दिया था।

#5 

कोहली ने नहीं मिलाया ट्रेविस हेड से हाथ 

RCB और SRH के बीच मैच में बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली और फील्डिंग कर रहे ट्रेविस हेड के बीच कहासुनी हुई थी। मैच की समाप्ति के बाद हेड ने कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की, लेकिन RCB के दिग्गज ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। बाकी SRH के खिलाड़ियों से कोहली सामान्य रूप से मिले थे। इस घटना के बाद हेड की पत्नी जेसिका को सोशल मीडिया पर गालियों का सामना करना पड़ा था।

Advertisement