IPL 2026: CSK बनाम GT मुकाबले में इन खिलाड़ियों में हो सकता है कड़ा मुकाबला
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 37वां मुकाबला चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच खेला जाएगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग एक जैसा रहा है। दोनों ने 3-3 जीत और 4-4 हार दर्ज की हैं। ऐसे में यह मुकाबला काफी अहम होने वाला है। आइए देखते हैं आगामी मैच में किन प्रमुख खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
#1
संजू सैमसन बनाम मोहम्मद सिराज
पिछले 4 मैचों में 2 शतक लगाने वाले संजू सैमसन एक बार फिर अपना जलवा दिखाने के लिए बेताब होंगे। हालांकि, पावरप्ले के ओवरों में GT के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज के साथ उनकी टक्कर बेहद दिलचस्प होगी। ESPN क्रिकइंफो के अनुसार, सिराज ने IPL के 7 मैचों में सैमसन को तीन बार आउट किया है और सैमसन 35 गेंदों में 40 रन बनाने में सफल रहे हैं। हालांकि, सिराज का प्रदर्शन इस संस्करण में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
#2
साई सुदर्शन बनाम अंशुल कंबोज
भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ GT को हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन साई सुदर्शन ने तूफानी शतक जड़कर अपनी फाॅर्म हासिल कर ली है। हालांकि, CSK की टीम सुदर्शन को जल्द ही पवेलियन भेजना चाहेगी। टीम को उम्मीद होगी कि अंशुल कंबोज पावरप्ले ओवरों में सुदर्शन को परेशान करेंगे। गौरतलब है कि कंबोज IPL 2026 में 14 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज थे। उनकी इकॉनमी रेट भी 8.95 की रही है।
#3
जोस बटलर बनाम नूर अहमद
इस संस्करण में GT के लिए रन बनाने वाले एक और बल्लेबाज जोस बटलर हैं। उन्होंने 156.08 की शानदार स्ट्राइक रेट से 256 रन बनाए हैं। बीच के ओवरों में नूर अहमद के साथ उनकी टक्कर देखने लायक होगी। बाएं हाथ का कलई के स्पिनर नूर एक समय GT टीम का हिस्सा रहे हैं। उनका इस संस्करण प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने इस संस्करण में अब तक 9 की इकॉनमी से कुल 6 विकेट विकेट अपने नाम किए हैं।