IPL 2026: SRH बनाम DC मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी हैदराबाद की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से होगा। ये मुकाबला राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। SRH ने 6 मुकाबले खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और इतने ही मुकाबलों में उसे हार मिली है। DC ने भी 5 मैच खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और 2 में हार मिली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच रही है कांटे की टक्कर
IPL में दोनों टीमों के बीच 26 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान DC को 12 मैच में जीत मिली है। SRH ने 13 मुकाबले अपने नाम किए हैं। एक मैच में नतीजा नहीं निकल पाया है। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच 2 मैच हुए थे। एक मैच में DC को 7 विकेट से जीत मिली थी। वहीं, एक मैच में कोई नतीजा नहीं निकला था। IPL 2024 का एकमात्र मैच SRH ने 67 रन से जीता था।
SRH
इस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है SRH की टीम
SRH को पिछले मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के खिलाफ जीत मिली थी। ऐसे में वह अपना वही फॉर्म जारी रखना चाहेंगे। अभिषेक शर्मा शानदार लय में चल रहे हैं और धमाकेदार पारी खेलना चाहेंगे। SRH के गेंदबाज DC के खिलाफ एक और दमदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को जीत दिलाना चाहेंगे। संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), हेनरिक क्लासेन, सलिल अरोड़ा, अनिकेत वर्मा, नितीश रेड्डी, हर्ष दुबे, शिवांग कुमार, प्रफुल हिंगे और ईशान मलिंगा।
संयोजन
इस संयोजन के साथ नजर आ सकती है DC की टीम
DC की टीम को पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ जीत मिली थी। वह अपने उसी लय को बरकरार रखना चाहेंगे। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल अच्छे फॉर्म में चल रहे हैं और वह एक बेजोड़ पारी खेलने को देखेंगे। गेंदबाजी में मुकेश कुमार और कुलदीप यादव से उम्मीद होगी। संभावित एकादश: पथुम निसांका, केएल राहुल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, आकिब नबी डार, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट सब्स प्लेयर
SRH: स्मरण रविचंद्रन, साकिब हुसैन, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी और हर्षल पटेल। DC: विप्रज निगम, आशुतोष शर्मा, करुण नायर, दुश्मंथा चमीरा और नितीश राणा।
पिच रिपोर्ट
कैसी होगी पिच की स्थिति?
राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिलती है। हालांकि, तेज गेंदबाजों की तुलना में स्पिन गेंदबाज थोड़े असरदार साबित होते हैं। तेज गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। एक बार बल्लेबाजों की यहां नजरें जम जाती है तो आसानी से बड़े-बड़े शॉट लगते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां पहली पारी का औसत स्कोर 162 रन है। यहां सर्वोच्च स्कोर SRH (286/6 बनाम RR, 2025) ने ही बनाया है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम?
एक्यूवेदर के मुताबिक, 21 अप्रैल को हैदराबाद में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है। मैच के दौरान बारिश खलल डाल सकती है। बारिश होने की 90 प्रतिशत संभावना है।
नजर
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
SRH के लिए क्लासेन ने पिछले 10 मैचों में 57.38 की औसत से 459 रन बनाए हैं। ईशान के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 371 रन निकले हैं। DC के लिए राहुल ने पिछले 10 मैच में 162.55 की स्ट्राइक रेट से 343 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में ईशान ने पिछले 10 मैच में 8.91 की इकॉनमी से 16 विकेट लिए हैं। DC से कुलदीप ने पिछले 9 मैचों में 8.91 की इकॉनमी से 8 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
SRH और DC के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।