IPL 2026: SRH ने चोटिल डेविड पायने की जगह गेराल्ड कोएट्जी को टीम में शामिल किया
क्या है खबर?
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 संस्करण के लिए चोटिल इंग्लिश तेज गेंदबाज डेविड पायने की जगह दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएट्जी को टीम में शामिल किया है। पायने SRH के लिए 2 मैच खेलकर 2 विकेट लेने के बाद टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। उनकी इकॉनमी रेट 14 की रही थी। IPL काउंसिल के आधिकारिक बयान के अनुसार, कोएट्जी 2 करोड़ रुपये में SRH में शामिल होंगे।
प्रतिनिधित्व
IPL में 2 टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं कोएट्जी
कोएट्जी IPL में मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेल चुके हैं, जहां उन्होंने 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन IPL 2024 में MI के साथ रहा, जहां उन्होंने 10 मैचों में 10.18 की इकॉनमी रेट से 13 विकेट लिए थे। 25 वर्षीय कोएट्जी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 4 टेस्ट, 14 वनडे और 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने सभी प्रारूपों में कुल 67 विकेट अपने नाम किए हैं।
करियर
कैसा रहा है कोएट्जी का टी-20 करियर?
कोएट्जी ने 2019 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था। वह 85 मैचों 82 पारियों में 22.99 की औसत और 8.74 की इकॉनमी से 109 चटकाने में सफल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 5 बार 4 विकेट हॉल लेने का कारनामा भी किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/19 का रहा है। उनके 22 विकेट दक्षिण अफ्रीका के लिए खेले गए 18 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में आए हैं। उनकी इकॉनमी 9.24 की और औसत 25.90 की रही है।
परेशानी
IPL 2026 में चोटों से जूझ रही है SRH
IPL 2026 में SRH के लिए चोटों की समस्या बनी हुई है। पाइने को शुरुआत में जैक एडवर्ड्स के स्थान पर टीम में शामिल किया गया था, जो पैर में चोट के कारण बाहर हो गए थे। इंग्लैंड के ब्रायडन कार्स भी हाथ में चोट के कारण बाहर हो गए और उनकी जगह श्रीलंका के दिलशान मदुशंका को शामिल किया गया। वहीं, कप्तान पैट कमिंस पीठ की चोट के कारण जुलाई 2025 से कुछ ही मैच खेल पाए हैं।