IPL 2026 से पहले इन टीमों को लगा झटका, ऑस्ट्रेलिया के 4 तेज गेंदबाज हैं चोटिल
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज 28 मार्च से होने वाला है। इससे पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK), दिल्ली कैपिटल्स (DC), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को बड़ा झटका लगा है। इन फ्रेंचाइजी की ओर से ऑस्ट्रेलिया के 4 तेज गेंदबाज नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड खेलने वाले हैं और ये सभी खिलाड़ी पूरी तरह से फिट नहीं हैं। एलिस तो पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
रिपोर्ट
ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं हेजलवुड और कमिंस
हेजलवुड हैमस्ट्रिंग और अकिलीज टेंडन की चोट के बाद रिकवरी कर रहे हैं, जबकि कमिंस लोअर बैक की चोट से वापसी करने के लिए प्रयासरत हैं। ये दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की मेडिकल टीम की निगरानी में रिहैब कर रहे हैं। कोड स्पोर्ट्स के मुताबिक, इन गेंदबाजों का शुरुआती कुछ मैचों से बाहर होना तय है और बाद में उनकी उपलब्धता मेडिकल क्लीयरेंस (चिकित्सकीय मंजूरी) पर निर्भर करेगी। ये दोनों खिलाड़ी टी-20 विश्व कप भी नहीं खेले थे।
तेज
स्टार्क भी शुरुआती मैच नहीं खेलेंगे
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने पुष्टि की है कि स्टार्क भी शुरुआत में उपलब्ध नहीं रहेंगे। उनकी वापसी आने वाले सप्ताह में उनके फिटनेस प्रोटोकॉल पर निर्भर करेगी। CA के अनुसार, पिछले 12 महीनों में भारी वर्कलोड के चलते स्टार्क को सावधानी से मैनेज किया जा रहा है। उन्होंने एशेज सीरीज के सभी 5 टेस्ट खेले थे और बिग बैश लीग (BBL) के अंतिम चरण में भी हिस्सा लिया था। स्टार्क भी टी-20 विश्व कप की टीम का हिस्सा नहीं थे।
टूर्नामेंट
पूरे टूर्नामेंट से बाहर हुए एलिस
एलिस चोटिल होने के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं। 31 साल का यह गेंदबाज हैमस्ट्रिंग से परेशान है। CSK के CEO के.एस. विश्वनाथन ने स्पोर्टस्टार से कहा था, "यह हमारे लिए बड़ा झटका है। एलिस खासकर डेथ ओवरों में बेहद अहम गेंदबाज हैं। हम उनके विकल्पों पर नजर रख रहे हैं।" टी-20 प्रारूप में एलिस इस समय कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 4 मैच में 5 विकेट लिए थे।
कप्तानी
कमिंस की जगह ईशान कर सकते हैं कप्तानी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कमिंस की गैरमौजूदगी में शुरुआती कुछ मैचों में SRH की कप्तानी ईशान किशन करते हुए नजर आ सकते हैं। किशन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी कर चुके हैं और इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2026 में 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए थे।