क्या IPL 2026 के शेड्यूल में होगा बदलाव? BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कही ये बात
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने स्पष्ट किया है कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। लीग के पहले चरण का कार्यक्रम 28 मार्च से 12 अप्रैल तक रखा गया है, जिसकी घोषणा बुधवार को की गई। BCCI उपाध्यक्ष ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा के बाद शेष कार्यक्रम सार्वजनिक किया जाएगा।
बयान
राजीव शुक्ला ने क्या कहा?
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में BCCI उपाध्यक्ष ने कहा, "IPL तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होगा। पहले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है और बाकी मुकाबलों का कार्यक्रम चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद जारी किया जाएगा।" BCCI पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनावों से किसी भी तरह के टकराव से बचना चाहता है। पश्चिम एशिया में बढ़ता तनाव भी प्रतियोगिता के कार्यक्रम को प्रभावित कर सकता है।
चरण
28 मार्च से 12 अप्रैल तक खेला जाएगा पहला चरण
IPL 2026 का पहला चरण 28 मार्च, 2026 से 12 अप्रैल, 2026 तक खेला जाएगा। इस दौरान 3 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के बाद टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल घोषित किया जाएगा। पहले चरण के कुल 20 मैच बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद में खेले जाने हैं। दोपहर के मैच 03:30 बजे से और शाम के मैच 07:30 बजे से शुरू होंगे।
डबल-हेडर
पहले चरण में खेले जाएंगे 4 डबल-हेडर मुकाबले
घोषित कार्यक्रम के अनुसार लीग के पहले चरण में कुल 20 मुकाबले होंगे। इस दौरान 4 और 5 अप्रैल तथा 11 और 12 अप्रैल को 2-2 मुकाबले होंगे। पहले चरण में सभी 10 टीमों को 4-4 मुकाबले दिए गए हैं। राजस्थान रॉयल्स (RR) अपने 3 घरेलू मुकाबले गुवाहाटी में खेलेगी, जबकि 4 मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में होंगे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के 2 मुकाबले रायपुर में होंगे और पंजाब किंग्स (PBKS) के 3 मैच धर्मशाला में होंगे।