IPL 2026, RCB बनाम SRH: इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिलेगी जोरदार टक्कर
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का बहुप्रतीक्षित आगाज एक बेहद रोमांचक मुकाबले से होने जा रहा है, जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें नए संयोजन के साथ मैदान में उतरेंगी, जिससे मुकाबला और भी दिलचस्प बन गया है। ऐसे में आइए उन खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं, जिनके बीच जोरदार टक्कर देखने को मिल सकती है।
#1
विराट कोहली बनाम जयदेव उनादकट
IPL में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज विराट कोहली का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। ऐसे में SRH की टीम की कोशिश होगी कि उन्हें जल्दी आउट किया जाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट नई गेंद से कोहली को चुनौती देने के लिए तैयार रहेंगे। आंकड़ों के मुताबिक, 10 मुकाबलों में उनादकट ने कोहली को सिर्फ एक बार आउट किया है, लेकिन इस दौरान कोहली की स्ट्राइक रेट महज 112.12 की रही है।
#2
अभिषेक शर्मा बनाम भुवनेश्वर कुमार
अभिषेक शर्मा टी-20 प्रारूप के सबसे खतरनाक सलामी बल्लेबाजों में उभरकर सामने आए हैं। हालांकि, इस मुकाबले में उनकी टक्कर पावरप्ले के सबसे सफल गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार से होगी, जिन्होंने पहले 6 ओवर में सबसे ज्यादा 79 विकेट लिए हैं। इस दौरान भुवनेश्वर की इकॉनमी रेट 6.46 की रही है। वहीं, अभिषेक पहले 6 ओवरों में 161.2 की स्ट्राइक रेट से रन बनाते हैं, जिससे यह मुकाबला और भी दिलचस्प होने वाला है।
#3
ईशान किशन बनाम क्रुणाल पांड्या
IPL 2026 का पहला मुकाबला ईशान किशन के लिए खास रहने वाला है, क्योंकि वह इस लीग में पहली बार कप्तानी करते नजर आएंगे। पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में उन्हें शुरुआती मैचों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ईशान हाल के दिनों में शानदार फॉर्म में हैं। ऐसे में उनकी टक्कर क्रुणाल पांड्या से होगी। आंकड़े बताते हैं कि ईशान ने क्रुणाल के खिलाफ 41 गेंदों में 62 रन बनाए हैं और अब तक एक बार भी आउट नहीं हुए हैं।