IPL 2026: RCB बनाम GT मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी बेंगलुरु की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 34वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। RCB ने इस संस्करण अब तक 6 मुकाबले खेले हैं। 4 मैच में उसे जीत और 2 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। GT ने भी 6 मैच खेले हैं। 3 मैच में उसे जीत और इतने ही मुकाबलों में उसे हार मिली है। ऐसे में आइए मैच से जुड़ी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
दोनों टीमों के बीच रहा है बराबरी का मुकाबला
IPL के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मुकाबले हुए हैं। इस दौरान RCB को 3 मैच में जीत मिली है। GT ने भी 3 मुकाबले अपने नाम किए हैं। IPL 2025 में दोनों टीमों के बीच एक मैच हुआ था। उस मुकाबले को GT ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। IPL 2024 में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले हुए थे और दोनों मैच में RCB को जीत मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
ऐसी हो सकती है RCB की प्लेइंग इलेवन
RCB के लिए विराट कोहली एक शानदार पारी खेलना चाहेंगे। पिछले मुकाबले में वह सिर्फ 19 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं, कप्तान रजत पाटीदार जो शानदार फॉर्म में हैं। एक और मैच जिताऊ पारी खेलने को देखेंगे। गेंदबाजी की कमान भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड के कंधों पर होगी। संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडीक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, और सुयश शर्मा।
GT
इस संयोजन के साथ उतर सकती है GT की टीम
GT को अपने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 99 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। ऐसे में वह उस हार को भूलाकर जोरदार वापसी करने को देखेंगे। खराब फॉर्म में चल रहे साई सुदर्शन इस मुकाबले में एक बड़ी पारी खेलना चाहेंगे। गेंदबाजी में राशिद खान से उम्मीदें होंगी। संभावित एकादश: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक शर्मा।
जानकारी
ये हो सकते हैं दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर
RCB: रसिख सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, जैकब बेथेल, जैकब डफी, और अभिनंदन सिंह। GT: राहुल तेवतिया, जेसन होल्डर, मानव सुथार, कुलवंत खेजरोलिया और अनुज रावत।
पिच
कैसा है चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का मिजाज?
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यह मैदान अपनी छोटी बाउंड्री के कारण हाई स्कोरिंग मैदान के रूप में जाना जाता है। हालांकि, यहां स्पिन गेंदबाजों बीच के ओवर के दौरान प्रभावशाली होते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम पर IPL मैचों के दौरान पहली पारी का औसत स्कोर 167 रन का है। बेंगलुरु में सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 287/3 बनाम RCB, 2024 के नाम पर दर्ज है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक, 24 अप्रैल को बेंगलुरु में अच्छी गर्मी होगी। दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजरें
RCB के लिए कोहली ने पिछले 10 मैचों में 44.33 की औसत से 399 रन बनाए हैं। सॉल्ट के बल्ले से पिछले 10 मैचों में 366 रन निकले हैं। GT के लिए शुभमन ने पिछले 9 मैच में 157.14 की स्ट्राइक रेट से 407 रन बनाए हैं। गेंदबाजों में भुवनेश्वर ने पिछले 10 मैच में 9.05 की इकॉनमी से 15 विकेट लिए हैं। GT से रबाडा ने पिछले 8 मैचों में 10.45 की इकॉनमी से 10 विकेट चटकाए हैं।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
RCB और GT के बीच यह मुकाबला 24 अप्रैल को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रात 7:30 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।