IPL 2026: RCB बनाम CSK मुकाबले का प्रीव्यू और आंकड़े, जानिए कैसी होगी बेंगलुरु की पिच
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 11वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से 5 अप्रैल को होगा RCB ने अपने इकलौते मैच में जीत दर्ज की है, जबकि CSK ने अपने दोनों मुकाबलों में शिकस्त झेली है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले अगले मैच में रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम अपनी पहली जीत दर्ज करना चाहेगी। आइए मैच से जुड़ी सभी जरूरी बातों पर एक नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
RCB के खिलाफ CSK का पलड़ा रहा है भारी
IPL में अब तक RCB के खिलाफ CSK का पलड़ा भारी रहा है। क्रिकइंफो के मुताबिक, अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 35 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें CSK ने 21 में जीत दर्ज की है। दूसरी तरफ RCB सिर्फ 13 मैच ही जीत सकी है। इसके अलावा एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका है। IPL 2025 में RCB ने CSK के खिलाफ अपने दोनों मैच जीते थे।
RCB
ऐसी हो सकती है RCB की प्लेइंग इलेवन
RCB के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने पहले मैच में अर्धशतक लगाकर अच्छी फॉर्म के संकेत दिए हैं। वह अपने जोड़ीदार फिल सॉल्ट के साथ RCB को अच्छी शुरुआत दिलाना चाहेंगे। गेंदबाजी की जिम्मेदारी अनुभवी भुवनेश्वर कुमार के कंधो पर होगी। संभावित एकादश: विराट कोहली, फिलिप साल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, सुयश शर्मा।
CSK
इस संयोजन के साथ उतर सकती है CSK
CSK के सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन ने अपने दोनों मैचों में निराश किया है। उन्होंने अब तक 6 और 7 रन के स्कोर किए हैं। वह RCB के विरुद्ध होने वाले अगले मैच में हर हाल में फॉर्म में वापसी करना चाहेंगे। फिटनेस हासिल करने के लिए प्रयासरत धोनी का खेलना मुश्किल है। संभावित एकादश: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी, और खलील अहमद।
जानकारी
ये हो सकते हैं इम्पैक्ट प्लेयर
RCB: अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, वेंकटेश अय्यर, और मंगेश यादव। CSK: उर्विल पटेल, राहुल चाहर, मैथ्यू शॉर्ट, श्रेयस गोपाल, और डेवाल्ड ब्रेविस।
स्टेडियम
कैसा है चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का मिजाज?
एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यह मैदान अपनी छोटी बाउंड्री के कारण हाई स्कोरिंग मैदान के रूप में जाना जाता है। हालांकि, यहां स्पिन गेंदबाजों मिडिल ओवर्स के दौरान प्रभावशाली होते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम पर IPL मैचों के दौरान पहली पारी का औसत स्कोर 166 रन का है। बेंगलुरु में सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड SRH (287/3 बनाम RCB, 2024) के नाम पर दर्ज है।
जानकारी
कैसा रहेगा मौसम का हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक, 5 अप्रैल को बेंगलुरु में अच्छी गर्मी होगी। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 21 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी। बारिश की 25 प्रतिशत संभावना है।
प्रदर्शन
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें
कोहली IPL में CSK के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 35 मैचों में 38.20 की शानदार औसत और 127.75 की स्ट्राइक रेट से 1,146 रन बनाए हैं। RCB के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने अपने पिछले मैच में 3 विकेट लेकर प्रभावित किया था। वह अपनी फॉर्म बरकरार रखना चाहेंगे। आयुष म्हात्रे ने अपने पिछले मुकाबले में 73 रन की पारी खेली थी। उनसे CSK अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।